जिले में दिया जाएगा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा: गजेंद्र

- सहारनपुर में कार्यशाला में भाग लेकर लौटे प्रगतिशील किसान।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में गौ आधारिक प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देन के लिए विभिन्न जिलों से आमंत्रित उन्नतिशील किसानों को प्रशिक्षित कर उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में प्राकृतिक खेती पर आयोजित कार्यशाला का आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में किया गया था जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए उन्नतिशील किसानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में जनपद सहारनपुर के तीन उन्नतिशील किसानों गजेंद्र सिंह नैनखेड़ी, आदित्य त्यागी मेहरबानी, सुधीर राठौर बिड़वी ने प्रतिभाग किया।
लखनऊ से लौटकर उन्नतिशील किसान गजेंद्र सिंह नैनखेड़ी ने बताया कि कार्यशाला में सभी किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदे तथा रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग के चलते होने वाली असाध्य बीमारियों से होने वाले नुकसान के प्रति चेताया गया तथा प्रदेश में गौ आधारिक प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि लखनऊ से प्रशिक्षण लेकर लौटे तीनों किसान अब जनपद के किसानों को अधिक से अधिक गौ आधारित खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे ताकि सरकार के प्रयास को सफल बनाया जा सके।