राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया बहुजन कल्याण यात्रा का शुभारम्भ

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया बहुजन कल्याण यात्रा का शुभारम्भ
  • सहारनपुर में जनमंच सभागार में आरपीआई के कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आठवले के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने बहुजन समाज को जागृत करने के लिए निकाली जाने वाली जनजागरण यात्रा का शुभारम्भ किया तथा दलित समाज से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। स्थानीय जनमंच सभागार में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा चांदी का मुकुट व माला पहनाकर तथा मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कांग्रेस, सपा व बसपा पर दलितों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लम्बे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन पार्टियों ने दलितोत्थान के लिए कोई कारगर प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया द्वारा निकाली जाने वाली बहुजन कल्याण यात्रा का सहारनपुर से शुभारम्भ किया गया है जो लखनऊ पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का रास्ते में पडऩे वाले जिलों में जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात लखनऊ के अम्बेडकर स्टेडियम में एक बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य बहुजन समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने बहुजन कल्याण यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष पवन गुप्ता, अरविंद मौर्या, मंजू लाम्बा, चरणसिंह, काजल तोमर, सिंधूराज, रूचि सागर, शिवगौतम सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।