राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिए विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिए विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश
  • सहारनपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करते सपा पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जीत का लक्ष्य लेकर जुट जाएं ताकि प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से निजात दिलाकर लोकतंत्र को बचाया जा सके। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राव वजाहत के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनपद सहारनपुर में पार्टी संगठन के बारे में जानकारी ली तथा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने भाजपा को देश व प्रदेश के लिए खतरा बताते हुए कहा कि जहां भाजपा एक ओर सत्ता हासिल करने के लिए जाति व धर्म के नाम पर लोगों के बीच नफरत फैलाने का काम किया। वहीं अब सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकारें लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने का काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय चुनाव में जिस तरह भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर नंगा नाच किया है उससे लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो गया है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना जरूरी है ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता नवाब सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष संदीप उर्फ अच्छन यादव, हनीफ तेली, अभिषेक गुर्जर, मा. राजवीर यादव, वेदपाल पटनी आदि मौजूद रहे।