राष्ट्र निर्माण में मतदान अवश्य करें: नागपाल
- राष्ट्रीय निर्माण में मतदान का महत्व विषयक गोष्ठी का आयोजन
सहारनपुर। कोर्ट रोड स्थित एक सभागार में जनचेतना मिशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय निर्माण में मतदान का महत्व विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में अध्यक्ष सतेन्द्र आहूजा ने कहा कि राष्ट्रीय निर्माण में मतदान का महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदान के द्वारा जनता की चुनी हुई सरकार का गठन किया जाता है। मतदान का सीधे-सीधे अर्थ है कि हम अपने मत का सही इस्तेमाल कर एक ऐसी सरकार का गठन करें जो हमारी मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीर हो और हमारी आजादी की सहिष्णुता को बरकरार रखे।
चेयरमैन गुलशन नागपाल ने कहा कि राष्ट्रीय निर्माण में मतदान का महत्व इतना है कि जीवन के लिए वायु का महत्व है। क्योंकि मतदान के बिना ना तो हमें आजाद मुल्क में रहने का अनुभव होगा और ना ही जनप्रतिनिधि/सरकारों द्वारा राष्ट के विकास का सपना पूरा हो सकेगा। क्योंकि मतदान के द्वारा ही हम देश को चलाने के लिए सही सरकार का गठन कर सकते हैं और जनता से करों के रूप में वसूली गयी धनराशि का सदुपयोग करवा सकते हैं। जिस देश में मतदान नहीं होता उस देश को आजाद देश नहीं माना जाता। जनता का राज कायम रखने के लिए मतदान अति आवश्यक है। विचार गोष्ठी का शुभारंभ अध्यक्ष सतेन्द्र आहूजा द्वारा जनचेतना का संकल्प दोहराकर किया गया।
श्री आहूजा ने बताया कि कोविड-19 की महामारी के कारण आपसी मेल-मिलाप में जहां कमी आयी है वहां थोड़ी समाजसेवा के कार्यों की गति भी धीमी हुई है। महासचिव शिवचंद्र गुलाटी ने संस्था द्वारा वर्ष 2021 में संस्था द्वारा किये गये समाजहित के कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी और बताया कि संस्था द्वारा मुख्य सामाजिक कार्य जो पिछले कई वर्षों से लावारिश शवों का दाह संस्कार संस्था द्वारा किया जा रहा है। वर्ष 2021 में कोविड महामारी में भी वह निरन्तर चलता रहा। श्री गुलाटी ने बताया कि संस्था जहां लावारिश शवों का दाह संस्कार करती है,वहां कई बार अत्यंत गरीब परिवार में किसी की मृत्ये होने पर भी विधिवत रूप से दाह संस्कार का कार्य करती है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा सीआईएस के चेयरमैन सुशील सडाना को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
चेयरमेन गुलशन नागपाल ने वर्ष 2022 के लिए अध्यक्ष सतेन्द्र आहूजा द्वारा गठित नयी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई तथा सभी नये सदस्यों को संस्था के बैनर तले हमेशा समाजहित व देशहित के कार्यों में तत्पर रहने की प्रेरणा दी। नवनियुक्त सदस्यों का परिचय भी कराया गया। उपाध्यक्ष रवि बब्बर ने वर्तमान राजनीति पर गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। एडवाजरी बोर्ड के अध्यक्ष शीतल टण्डन, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र भारती, उपाध्यक्ष हरजीत सिंह ने आने वाली 14 फरवरी को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। सभी सदस्यों ने एकजुटता से 14 फरवरी को शत-प्रतिशत मतदान करने और अन्य लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक गोविन्दर सिंह ने किया। कार्यक्रम में रवि जुनेजा, बलजीत सिंह चावला, सुशील सडाना, एच.एस.ग्रोवर, नवीन आनन्द, एड. प्रताप सिंह, सुनील मखीजा, श्रवण मक्कड़, मुकेश सेठ, अजय चानना, संजय अरोड़ा, मनप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे।