नागल पहुंची कांग्रेस की गौरव यात्रा

नागल पहुंची कांग्रेस की गौरव यात्रा
  • सहारनपुर में नागल में कांग्रेस की गौरव यात्रा में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करता वक्ता।

नागल [24CN]। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली व ब्लाक अध्यक्ष ओमपाल सिंह डोंकोंवाली के नेतृत्व में महंगाई को लेकर हल्ला बोल करते हुए गौरव यात्रा निकाली। गत दिवस साखन नहर से शुरू हुई गौरव यात्रा तल्हेडी, शाहपुर, बसेडा होते हुए नागल पहुंची जहां सभी कार्यकर्ताओं ने हाथ में झंडे बैनर लेकर बस स्टैंड नागल से मेन बाजार, ब्लॉक चोराहा होते हुए भाटखेड़ी रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पहुंची जहां उक्त यात्रा एक सभा में तब्दील हो गई।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली ने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों में देश में जो विकास की गंगा बहाई आई थी भाजपा का नेतृत्व उसे नेस्तनाबूद करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है 400 रूपए में मिलने वाला सिलेंडर 1000 रूपये से ऊपर पहुंच चुका है। डीजल, पेट्रोल की कीमत आसमान छू रही है। इस सरकार ने किसानों को बर्बाद करने के लिए तीन काले कानून लागू किए थे मगर कांग्रेस व किसानों की एकजुटता के चलते सरकार को रद्द करने पड़े।

उन्होंने कहा कि अंग्रेज तो चले गए लेकिन उनके नक्शे कदम पर चलने वाले लोग आज देश को गुलामी की ओर ले जा रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य व नागल ब्लॉक अध्यक्ष ओमपाल सिंह डांकोंवाली ने कहा कि भाजपा ईड़ी के सहारे राहुल, प्रियंका, सोनिया को कटघरे में खड़ा करना चाह रही है। देश में इस समय अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा की असलियत को जान चुके हैं और आने वाले समय में भाजपा को उसकी औकात बताने का काम करेंगे।

कार्यक्रम को मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी मेहरबान आलम, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, सरदार हनी सिंह, किसान मोर्चा के अक्षय चौधरी आदि ने संबोधित किया। सभा में मुख्य रूप से आदित्य सिंह, पूरन, चांदमियां, मानसिंह, विनोद कुमार, अजब सिंह, हनी, संदीप कुमार व कपिल आदि शामिल रहे।