लंदन। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने ऋषि सनक की जगह मंगलवार को नादिम जाहावी (Nadhim Zahawi) को वित्त मंत्री (UK Finance Minister) नियुक्त किया, जिन्होंने पहले जानसन के नेतृत्व के विरोध में पद छोड़ दिया था। 55 वर्षीय जाहावी को एक ऐसी अर्थव्यवस्था विरासत में मिली है, जो संभवतः तीव्र मंदी या मंदी की ओर बढ़ रही है। बता दें कि जाहावी पहले शिक्षा सचिव थे। उन्हें शिक्षा सचिव के रूप में मिशेल डोनेलन द्वारा प्रतिस्थापित किया गया था, जो पहले एक जूनियर शिक्षा मंत्री थे। शिक्षा और व्यापार विभागों में कनिष्ठ मंत्री की भूमिकाओं में काम करने के बाद, उन्हें 2020 में कोविड-19 (COVID-19) वैक्सीन रोलआउट का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया। साल 2021 में बोरिस जानसन ने शिक्षा नीति को चलाने के लिए उन्हें कैबिनेट में पदोन्नत किया था। मिशेन डोनेलन को शिक्षा राज्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।

स्टीव बार्कले को अगला स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया गया

बता दें कि पाकिस्तानी मूल के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जावेद के इस्तीफे के कुछ देर बाद बोरिस जानसन ने स्टीव बार्कले (Steve Barclay) को स्वास्थ्य मंत्री के रूप में नियुक्त किया। जानसन ने अपने चीफ आफ स्टाफ स्टीव बार्कले को स्वास्थ्य मंत्री के रूप में नियुक्त किया है।

सुनक और जाविद ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा

बता दें कि बहुचर्चित पार्टीगेट स्कैंडल के बाद से अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन को मंगलवार को बड़ा झटका लगा। उनके दो वरिष्ठ मंत्रियों ऋषि सुनक और साजिद जाविद ने इस्तीफा दे दिया। भारतीय मूल के सुनक वित्त मंत्री और पाकिस्तानी मूल के जाविद स्वास्थ्य मंत्री थे। सुनक और जाविद ने इंटरनेट मीडिया के जरिये इस्तीफा देने का एलान किया।

इन इस्तीफों का असर ब्रिटिश मुद्रा पर पड़ा है और डालर के मुकाबले पाउंड-स्टर्लिग अपने दो साल के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्री पद से जाविद के इस्तीफा देने की घोषणा के कुछ देर बाद ही सुनक ने भी अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री जानसन के पास भेज दिया। इन दो वरिष्ठ मंत्रियों के अलावा जानसन के मंत्रिमंडल से किसी अन्य वरिष्ठ मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया है।