लोकसभा चुनाव की तैयारियों को धार देंगे नड्डा, आज हमीरपुर में वरिष्ठ नेताओं के साथ करेंगे बैठक
धर्मशाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर सोमवार को पहुंचेंगे। वह तीन दिवसीय प्रवास के दौरान गृह प्रदेश में बैठकों व रैलियों से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को धार देंगे। सोमवार को नड्डा वह कांगड़ा जिले में संगठनात्मक जिला नूरपुर के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
यहीं से पालमपुर पार्टी कार्यालय का भी वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। वह प्रदेश सरकार में कांगड़ा की अनदेखी, सुक्खू सरकार की नाकामी और केंद्र सरकार के नौ साल की उपलब्धियां बताएंगे। जनसभा में नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य वक्ता होंगे।
चारों वक्ताओं का मुख्य ध्येय यही होगा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटें भाजपा की झोली में आएं। इसके बाद वह देर सायं साढ़े छह बजे हमीरपुर स्थित परिधि गृह पहुंचेंगे। यहां पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
इसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। देर रात बिलासपुर पहुंचेंगे और अगले दिन कई कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ लोगों से भी मिलेंगे। 14 जून को मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत कुल्लू में जनसभा को संवोधित करेंगे।
