‘मेरी खुद की बेटी 19 साल…’, अंकिता भंडारी केस पर डिंपल यादव भावुक, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है और न्याय की मांग तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इस मामले पर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से सवाल किया कि आखिर इस देश में बेटियां कब सुरक्षित हो पाएंगी. मैनपुरी में दिए गए बयान में उन्होंने महिला सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठाए.
डिंपल यादव ने कहा कि “मेरी खुद की बेटी भी 19 साल की है,” और अंकिता के साथ हुई घटना को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सुनकर हर मां का दिल दहल जाता है और समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ती है.
महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल
उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह से रिजॉर्ट पर बुल्डोजर चलाया गया, उससे सबूत नष्ट होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि जब देश की बेटियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो विकास की बात करना अधूरा है. डिंपल यादव ने आगे कहा कि किसी भी देश की तरक्की तभी संभव है जब वहां की महिलाएं सुरक्षित और सशक्त हों. उन्होंने आरोप लगाया कि नए भारत में बेटियां पीछे छूटती जा रही हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे.
क्या है अंकिता भंडारी केस?
अंकिता भंडारी उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में काम करती थी और 18 सितंबर 2022 को लापता हो गई थी. बाद में उसकी हत्या का मामला सामने आया, जिसमें रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य सहित तीन आरोपियों को मई 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई.
जांच में सामने आया कि अंकिता पर एक ‘VIP’ को अनैतिक सेवा देने का दबाव बनाया जा रहा था और मना करने पर उसकी हत्या कर शव को चीला नहर में फेंक दिया गया. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.
