देवबंद में भीड़ को देख अलर्ट हुआ प्रशासन, सीएए के खिलाफ दिन-रात डटीं हैं मुस्लिम महिलाएं

देवबंद में भीड़ को देख अलर्ट हुआ प्रशासन, सीएए के खिलाफ दिन-रात डटीं हैं मुस्लिम महिलाएं

नागरिकता संशोधन कानून, एनपीआर और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में देवबंद के ईदगाह मैदान में चल रहे महिलाओं के धरने-प्रदर्शन में भीड़ बढ़ती जा रही है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। वहीं बृहस्पतिवार को चौथे दिन काफी संख्या में पुरुष और बच्चे महिलाओं को समर्थन देने धरने पर पहुंचे। पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने पहुंचकर कहा कि यदि किसी ने महिलाओं को छूआ भी, तो वे सबसे पहले जेल जाएंगी।

मुत्तहिदा ख्वातीन कमेटी के बैनर तले ईदगाह मैदान में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में बृहस्पतिवार को देवबंद क्षेत्र की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर पहुंचीं और धरनारत महिलाओं से मिलकर उन्हें अपना समर्थन दिया। पुंडीर ने कहा कि केंद्र सरकार गलत नीतियां अपनाकर अलग-अलग रंगों के फूलों से सजे इस देश को बरबाद करने पर तुली है। देश के मुसलमान 1947 में जिन्ना को ठुकराकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ खड़े हुए थे। इससे बड़ा सुबूत देश से वफादारी का ओर क्या हो सकता है। इसके बावजूद उन्हें आज तक बार-बार अपनी वफादारी साबित करनी पड़ रही है। केंद्र सरकार मजहब की बुनियाद पर संविधान में बदलाव कर रही है। यह देखकर आज संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मा भी रो रही होगी।

पुंडीर ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धरनारत महिलाओं को छूने का भी प्रयास किया, तो जेल जाने वाली वह पहली महिला होंगी। डॉ. शाइस्ता रिजवान, खालदा उस्मानी, शमीला अहमद, शाजिदा साद आदि ने कहा कि सरकार इस काले कानून को वापस ले। सहारनपुर विधायक संजय गर्ग और बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे विनोद तेजियान भी धरनास्थल पर पहुंचे और धरने को समर्थन दिया।

यह भी पढ़ें: देवबंद में दिनभर ऐसा रहा बंद का असर, धरने पर डटीं हुई हैं मुस्लिम महिलाएं, देखें तस्वीरें