Muradnagar Roof Collapse Incident: पुलिस ने खुलवाया दिल्ली मेरठ हाईवे पर लगा जाम

गाजियाबाद : राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मुरानगर में अत्येष्ठि स्थल के पास बनी इमारत की छत गिरने से 25 लोगों की मौत से स्थानीय लोग बहुत नाराज हैं। इसमें अब भी कई लोगों घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे के एक दिन बाद सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मुरादनगर में मृतकों के घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। नाराज लोग शव लेकर हाईवे पर आ गए और हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। कुछ राहगीरों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो लोगों ने वाहनों में पथराव किया। इससे दिल्ली मेरठ हाईवे पर भीषण जाम लग गया। दोनों तरफ 4 से 5 किलोमीटर लंबी कतारें पहुंची हुई थी। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा दिया। फिलहाल यहां पर दिल्ली मेरठ हाईवे पर जाम सामान्य है।
गौरतलब है कि मुरादनगर में श्मशान स्थल पर बनी गैलरी रविवार सुबह अचानक गिर पड़ी। यहां पर लोगों ने पाया कि डेढ़ माह पूर्व बने इस परिसर में मलबे की ईंटों पर सीमेंट नाममात्र का लगा था। कई हादसों में मलबा देखा है, लेकिन इस हादसे का मलबा अलग ही है। बारिश के चलते मलबा गीला हो चुका था। इसके बाद भी इससे रेत झड़ रही थी।
65 लोगों को मलबे से निकाला
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी पर गाजियाबाद से आधे घंटे में एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इस दौरान रैपिड रेल निर्माण कार्य में लगी जेसीबी, हाइड्रा मंगवाई गई। इसकी मदद से 65 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। अस्पताल में 25 लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज चल रहा है।