भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए महासभा चलाएगी अभियान: मुन्ना शर्मा

- विस चुनाव में भाजपा ने गठबंधन नहीं किया तो सभी सीटो पर चुनाव लडगी हिंदू महासभा
देवबंद। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए महासभा गांव-गाव में जन जागरण अभियान शुरू करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि यदि विस चुनाव 2027 में भाजपा उनके साथ गठबंधन नहीं करती है तो महासभा प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
गुरुवार को स्थानीय डाक बंगले पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए डा. मुन्ना कुमार ने कहा कि भारत की आजादी में हिंदू महासभा का महत्वपूर्ण योगदान है। क्रांतिकारी वीर सावरकर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने हिंदू महासभा का गठन किया था। कहा कि अब भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए हिंदू महासभा जन जागरण अभियान शुरू करेगी। कहा कि भारत में यूनिफॉर्म सिविल कोड और जनसंख्या नियंत्रण कानून आवश्यक है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हिंदू महासभा भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लडने की तैयारी कर रही है। यदि भाजपा गठबंधन नहीं करती है तो महासभा अकेले प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। मुन्ना शर्मा ने सरकार से देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले इस्लामिक संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। पत्रकार वार्ता के दौरान महासभा के प्रदेशाध्यक्ष संजीव राणा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष उर्मिला शर्मा, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, विरेश त्यागी, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील कुमार, महंत योगी जयनाथ, राकेश शर्मा, सतीश चैधरी, विनीत शर्मा आदि मौजूद रहे।