प्रकृति से जितना लें उतना ही लौटायें भी: नगरायुक्त

प्रकृति से जितना लें उतना ही लौटायें भी: नगरायुक्त
  • सहारनपुर में नगर निगम में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाते नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह।

सहारनपुर [24CN] । नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा है कि यदि पर्यावरण संतुलन बनाये रखना है तो प्रकृति से ईंधन, वायु और जल के रुप में जितना हम ले रहे हैं, उसे उतना ही लौटाना होगा। इसके लिए जरूरी है कि हम जल और वायु का संरक्षण करें। उन्होंने रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और पौधारोपण को अपनी जीवन की प्राथमिकता और आवश्यकता में शुमार करने का आह्वान किया।

नगरायुक्त नगर निगम में महानगर के दो दर्जन से ज्यादा सामाजिक संगठनों व पर्यावरण से जुडेघ् लोगों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। नगरायुक्त ने प्रधानमंत्री के जल शक्ति अभियान के तहत सभी लोगों को जल संरक्षण और जल बचाने की शपथ भी दिलायी।निगम द्वारा स्थापित ब्लू-ग्रीन कोष की स्थापना से जुड़े करीब दो दर्जन सामाजिक व पर्यावरणीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने आज पर्यावरण संतुलन के लिए जल संरक्षण, भू संरक्षण व वायु संरक्षण पर विचार विमर्श करते हुए अपने अपने सुझाव दिए।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि हम प्रकृति से जो ले रहे हैं यदि हम उसे नहीं लौटायेंगे तो पर्यावरण संतुलन बिगड़ जायेगा। उन्होंने कहा कि हम जितना भू-जल इस्तेमाल करते हैं उतना ही रिचार्ज कर वापस करना होगा। जन्म से मृत्यु तक हम जितनी लकड़ी और ऑक्सीजन इस्तेमाल करते हैं पौधारोपण के जरिये हमें वह लौटाने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सेवा ईश्वर की सेवा है। उन्होंने कहा कि शहर में हरियाली बढ़ाकर कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए लोगों की मानसिकता बदलनी होगी। नगरायुक्त ने जल संरक्षण के लिए सभी लोगों को शपथ भी दिलायी।

पर्यावरण प्लानर डॉ. उमर सैफ ने कहा कि सभी संगठन पौधारोपण के अलावा बीजों को रोपने पर भी ध्यान दें। इससे बहुत थोड़ी धनराशि में हजारों पौधे तैयार किये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जैविक विविधता के लिए बीजों पर आना पड़ेगा। उन्होंने जल, वायु के साथ प्रकृति को समग्र रूप में देखकर उसके संरक्षण पर बल दिया। एस.डी.ए. के अधिशासी अभियन्ता अनिल कुमार मिश्रा ने 16 से 22 जुलाई तक चलाये जा रहे भू-जल सप्ताह के अन्तर्गत रैन वॉटर हार्वेस्टिंग की उपयोगिता की जानकारी देते हुए लोगों से स्वेच्छा से अपने घरों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर बल दिया।

पांवधोई समिति के डॉ. वीरेन्द्र आजम ने सुझाव दिया कि अपने बच्चों के जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ के अलावा अपने बुजुर्गों की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में पौधारोपण करें। इससे न केवल उनकी स्मृतियां बनी रहेंगी, पर्यावरण संरक्षण में भी हमारी भागेदारी बढ़ेगी। एरॉन सोसायटी की निधि राणा ने बताया कि वह पिछले चार वर्ष से अपने बच्चे के जन्मदिन पर लगातार पौधारोपण कर रही हैं तथा पीपल व बरगद के पेड़ नुमायश कैम्प गौशाला में लगायें हैं। उन्होंने पौधों की बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की।

राष्ट्रीय चेतना समिति के अर्चित अग्रवाल ने पौधारोपण के साथ उनकी देखरेख पर भी बल दिया। लव फॉर लाईफ की शिवांश जेटली ने निगम के पौधारोपण अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। रिषभ अग्रवाल ने औषधियें पौधों का रोपण करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त अग्रवाल मेला संगम की ममता सिंघल, अनुपमा महाजन, प्रवीण चौधरी एडवोकेट, कमलेश कुमार अग्रवाल, शरद भार्गव, नीरू सिंह, प्रियंका गोयल के अतिरिक्त जिला प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ0 रिशी पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया।

बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर, डॉ. संजीव सिंह, ज्योति चौधरी, अभिषेक सहगल, अमजद अली, अरविन्द कुमार, अखिल कौशल, आकाश त्यागी, शिवम मिश्रा, अभिषेक सहगल आदि शामिल रहे।


विडियों समाचार