लंबी आयु के लिए पौधारोपण करें: नगरायुक्त

- सहारनपुर में रणजीत नगर में पौधारोपण करते नगरायुक्त व अन्य।
सहारनपुर [24CN] । शहर को हरा भरा कर कार्बन न्यूट्रल बनाने की मुहिम के तहत ब्रहस्पतिवार को नगर निगम द्वारा राष्ट्रीय चेतना सेवा समिति व सीनियर सिटीजन एसोसियेशन के सहयोग से रणजीत नगर में पौधारोपण किया गया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि लंबी आयु के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करें। नगर निगम द्वारा ब्रहस्पतिवार को रणजीत नगर स्थित रणजीत सिंह पार्क में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम में पुरुषों के अलावा महिलाओं ने भी बढ़चढक़र भागेदारी की और पौधों की सेवा कर उनके पोषण का संकल्प लिया।
पार्क में राष्ट्रीय चेतना सेवा समिति के अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल द्वारा प्रदत्त नीम, तुलसा, बड़, पीपल, चांदनी, गुड़हल, सागवान आदि प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने पौधारोपण अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि पौधों से मिलने वाली ऑक्सीजन प्राण वायु है, जिस शहर गांव के वातावरण में वायु शुद्ध होगी उस शहर के लोग दीर्घायु होंगे। इसलिए जरुरी है कि लोग अपनी व अपने परिवार की लंबी उम्र के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करें।
उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य सहारनपुर को हरा भरा कर उसका सौंदर्यीकरण करना और शहर को कार्बन न्यूट्रल बनाना है। लेकिन ये तभी संभव है जब सब लोग पौधारोपण से अपने को जोड़ते हुए इस अभियान में भागेदारी बढ़ायें। पौधारोपण कार्यक्रम में समिति के जिलाध्यक्ष अर्चित अग्रवाल, श्रीमती नीरु व सुनयना आलम के अलावा सिनियर सिटीजन एसोसियेशन के प्रेम छोकरा, के एल ग्रोवर, अशोक राठौर, कमलेश अग्रवाल, हरीश गांधी, हरजीत सिंह, पंडित राजेश शास्त्री, मनीष, बॉबी गुलाटी, अनुपमा महाजन, वीना बजाज व साध्वी सविता आदि शामिल रहे।