ईद पर सफाई व्यवस्था और जलापूर्ति दुरूस्त रखें – नगरायुक्त

ईद पर सफाई व्यवस्था और जलापूर्ति दुरूस्त रखें – नगरायुक्त
  • सहारनपुर में नगर निगम में ईद की तैयारियों पर आयोजित बैठक।

सहारनपुर [24CN। नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने ईद उल अजहा पर और अधिक बेहतर सफाई व्यवस्था व जलापूर्ति दुरूस्त रखने तथा आपातकालीन निर्माण कार्य कराने के आदेश अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने एबीडी एरिया व मुस्लिम बाहुल क्षेत्र के पार्शदों को आश्वस्त किया कि ईद उल अजहा पर सफाई व जलापूर्ति सम्बन्धी सभी व्यवस्थायें पहले ही दुरूस्त कर ली जायेंगी। उन्होंने पार्षदों को बताया कि एबीडी एरिया के सभी वार्डों को 2 महीने में एलईडी लाईटों से पूरी तरह आच्छादित कर दिया जायेगा।

उन्होंने महाप्रबन्धक जल को ईद उल अजहा के दौरान वार्डों में 24 घण्टे जलापूर्ति सुनिश्चित करने के भी आदेश दिये। नगर आयुक्त ईद उल अजहा की तैयारियों के सम्बन्ध में मुस्लिम बाहुल्य वार्डों के पार्षदों और अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एबीडी एरिया के वार्डों के लिए 200 किमी विद्युत तार तथा 16000 एलईडी लाईटों की स्वीकृति दे दी गयी है। उन्होंने ईद उल अजहा पर सफाई की विशेष व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग को 100 सफाई कर्मचारी और नियुक्त करने के निर्देश दिये। पार्षदों की मांग पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि वे वार्डों में सेवानिवृत्त व मृत सफाई कर्मचारियों की एक सूची बनायें ताकि वार्डों में पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जा सके।

इससे पूर्व पार्षद मंसूर बदर ने एबीडी एरिया में बिजली व निर्माण सम्बन्धी कार्य अविलम्ब शुरू कराने की मांग करते हुए मौहल्ला खटीकान व गणपत सराये के तीन छोटे नालों की सफाई कराने की मांग की। जिस पर नगर आयुक्त ने मुख्य सफाई निरीक्षक को सफाई कराने के निर्देष दिये। पार्षद प्रतिनिधि नूर आलम का कहना था, कि वार्डों में जनसंख्या बढी है और सफाई कर्मचारियों की संख्या कम हुई है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। पार्षद प्रतिनिधि शकील चौधरी का सुझाव था कि सभी पार्षदों को सफाई कर्मचारियों के नाम व नम्बरों की सूची उपलब्ध करायी जाये। पार्षद गुलशेर का कहना था कि वार्डों में जनसंख्या की दृष्टि से सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाये।

उन्होंने ईद उल अजहा पर कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेष को तुरन्त उठवाने का भी सुझाव दिया। पार्षद अमजद ने कुतुबशेर से जेबीएस तक सडक़ के खराब होने और रायवाला चौक से इस्लामिया कॉलेज रोड़ पर कच्चे नाले होने का ध्यान दिलाते हुए उनकी मरम्मत कराने की मांग की। नगर आयुक्त ने पार्षदों को भरोसा दिलाया कि ईद उल अजहा से पूर्व निर्माण सम्बन्धी आपातकालीन कार्यों को तुरन्त कराया जायेगा।

बैठक में महाप्रबन्धक जल मनोज आर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, अधिशासी अभियन्ता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियन्ता जल ईश्वर सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक अभियन्ता पथ प्रकाश श्याम बिहारी अग्रहरि, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर के अतिरिक्त पार्षद आशुतोश सहगल, प्रदीप उपाध्याय, शहजाद चौधरी, शहजाद मलिक, इमरान सैफी, फजलुर्रहमान, हाजी बहार अहमद, पार्षद प्रतिनिधि आसिफ, सईद सिददीकी, शकील चौधरी, नौशाद, रिजवान, नदीम, नसीम आदि भी मौजूद रहे।