रात में अलाव का जायजा लेने सड़कों पर निकले नगरायुक्त

- सहारनपुर में रात में अलाव की स्थिति जानने सड़कों पर भ्रमण करते नगरायुक्त।
सहारनपुर [24CN]। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार की रात शहर में अनेक स्थानों पर भ्रमण कर अलाव जलने की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान निगम द्वारा गांधी पार्क के निकट स्थापित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। लगातार चलती शीत लहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार की रात शहर में अनेक स्थानों पर भ्रमण कर अलाव की स्थिति का जायजा लिया। प्रमुख चौराहों-तिराहों पर अलाव जलते देख उन्होंने संतोष जताया। नगरायुक्त ने अलाव व्यवस्था में लगे निगम कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अलाव जलाने की व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए।
उन्होंने शहर में कुछ और स्थान चिन्हित कर वहां भी अलाव जलवाने को कहा ताकि राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके। भ्रमण के दौरान नगरायुक्त ने गांधी पार्क परिसर में स्थित निगम द्वारा संचालित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया और निराश्रित लोगों को सुविधा देने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर रात बिताने वाले लोगों से अपील की कि वे सड़कों पर ठंड से न ठिठुरें और रैन बसेरे का आश्रय लेकर रात बितायें।