लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे मुलायम सिंह यादव: साबरी

सहारनपुर [24CN]। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन से भारतीय लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति हुई है क्योंकि देश ने मुलायम सिंह यादव के रूप में अपना एक ऐसा नेता खो दिया है जो धर्मनिरपेक्षता के सच्चे सिपाही थे।

वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने पांच दशक से अधिक समय के सार्वजनिक जीवन में उत्तर प्रदेश विधान मंडल व संसद में जनता का प्रतिनिधित्व करते हुए अनेक ऐसी मिसालें कायम की हैं जो आज तक भारतीय राजनीति में कोई नहीं कर दिखा पाया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सत्ता से ज्यादा सिद्धांतों को अहमियत दी तथा देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे व साम्प्रदायिक सौहाद्र्र को मजबूत बनाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव द्वारा किसानों के हित में किए गए संघर्ष के कारण ही उन्हें धरती पुत्र के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत करना व साम्प्रदायिक सौहाद्र्र को बढ़ावा देना ही मुलायम सिंह यादव को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।