आईआईए व माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेंगे रोजगारोन्मुख अवसर
- सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम का दृश्य।
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) एवं माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को इनोवेशन एवं एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा के नेतृत्व में लगभग 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. वाई. विमला का स्वागत किया गया तथा उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत बनाने हेतु दोनों संस्थाओं के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। आईआईए की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद सडाना व चैप्टर सचिव कुशल शर्मा तथा विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार कमल कृष्ण व फाइनेंस मैनेजर श्री त्रिपाठी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत छात्रों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, औद्योगिक भ्रमण, कौशल विकास कार्यक्रम, विशेषज्ञ व्याख्यान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कुलपति प्रो. वाई. विमला ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं बल्कि छात्रों को कौशल और व्यवहारिक ज्ञान से सशक्त बनाना है। वहीं रामजी सुनेजा व प्रमोद सडाना ने उद्योग-शिक्षा समन्वय को युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक बताया। इस अवसर पर सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, मंडलीय अध्यक्ष सतीश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालड़ा, अशोक गांधी, संदीप गुप्ता, अतीश गुप्ता, प्रेम क्वात्रा, अनुज जैन, अविजीत सिंह छाबड़ा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
