हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में ड्रॉप किया गया सवा 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी
:- हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाण और यूपी की बारिश, दिल्ली में बनेगी आफत:- राजधानी दिल्ली के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका:- यूपी के यमुना तटवर्ती इलाकों के लोगों की धड़कने बढ़ी
बेहट/सहारनपुर। पहाड़ी राज्यों में कहर बनकर बरस रही बारिश अब देश की राजधानी दिल्ली के लिए भी आफत का सबब बन सकती है। पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हथिनीकुंड बैराज से सवा 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी यमुना में ड्रॉप किया गया है जिससे यमुना तटवर्ती गांवों और किसानों की धड़कने बढ़ने लगी है, साथ ही दिल्ली के निचले इलाकों में भी जलभराव की आशंका बन गई है।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों तथा हरियाणा और यूपी के मैदानी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश से जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते जहां सहारनपुर जनपद की बरसाती नदियों में उफान है वहीं यमुना नदी ने भी अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ोत्तरी की ओर है। यूपी – हरियाणा की सीमा पर बने हथिनीकुंड बैराज से सोमवार को सिंचाई विभाग द्वारा सायरन बजाकर अलर्ट किया गया और सुबह 9 बजे 3 लाख 29 हजार 313 क्यूसेक पानी यमुना नदी में ड्रॉप किया गया, जिससे यमुना तटवर्ती गांवों के लोगों के दिलो की धड़कने बढ़ गई है। यमुना किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों और देश की राजधानी दिल्ली के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बन गई है। सिंचाई विभाग ने यमुना से सटे इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है साथ ही दिल्ली सिंचाई विभाग को भी अवगत करा दिया गया है। आपको बता दे कि हथनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़ा गया पानी 72 घंटे बाद देश की राजधानी दिल्ली पहुंचता है और कई बार तबाही का कारण बनता है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो देश की राजधानी दिल्ली में यमुना तटवर्ती निचले इलाकों में जलभराव और नुकसान की आशंका है। यदि जलस्तर बढ़ता है तो दिल्लीवासियों के लिए और भी परेशानी का सबब बन सकता है।
*कुछ यू बढ़ता रहा यमुना नदी का जलस्तर*
सुबह 7 बजे:- 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक
सुबह 8 बजे:- 3 लाख 11 हजार 32 क्यूसेक
सुबह 9 बजे:- 3 लाख 29 हजार 313 क्यूसेक
सुबह 10बजे:- 3 लाख 21 हजार 653 क्यूसेक
11 बजे: – 3लाख 19 हजार 367 क्यूसेक
दोपहर 12 बजे:- 3 लाख 23 हजार 180 क्यूसेक
दोपहर 1 बजे :- 3लाख 22 हजार 416 क्यूसेक
दोपहर 2 बजे: – 3 लाख 03 हजार 529 क्यूसेक
दोपहर 3 बजे :- 2 लाख 96 हजार 810 क्यूसेक
