shobhit University Gangoh
 

कोरोना का डर: दारुल उलूम में वार्षिक परीक्षा स्थगित, मोहतमिम ने जारी किया पत्र

कोरोना वायरस को लेकर इस्लामी तालीम के दूसरे बड़े इदारे दारुल उलूम वक्फ प्रबंध तंत्र ने संस्था में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है, जबकि इससे पूर्व दारुल उलूम ने सामूहिक वार्षिक परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया था।

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप और 25 मार्च से होने वाली परीक्षा को लेकर दारुल उलूम वक्फ में आयोजित हुई बैठक में संस्था के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी ने कहा कि कोरोना वायरस ने दुनिया भर में कहर बरपा रखा है जो चिंता का विषय है। मुल्क में भी इसका असर तेजी से फैल रहा है। जिसके चलते सरकार ने तमाम शिक्षण संस्थाओं में छुट्टियां घोषित की हुईं हैं। इसलिए संस्था में पढ़ने वाले छात्रों को बीमारी से बचाव के लिए 25 मार्च से होने वाली परीक्षाओं को स्थगित करना बेहतर होगा।

वहीं छुट्टी की घोषणा करने के साथ ही मोहतमिम सुफियान कासमी ने इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया है। जिसमें स्थगित वार्षिक परीक्षा को ईदुल फितर के त्योहार के बाद संपन्न कराए जाने की बात कही गई है।

बता दें कि इससे पूर्व इस्लामी शिक्षण संस्था दारुल उलूम भी राब्ता मदारिस-ए-इस्लामिया से संबद्ध मदरसों की सामूहिक परीक्षा को रद्द करने का एलान कर चुका है।

Jamia Tibbia