देश को वैश्विक स्तर पर नया आयाम देने का काम किया है मोदी सरकार ने: सुनील शर्मा

- सहारनपुर में भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते जनपद प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में सीमा को सुरक्षित करने, अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं टैक्नोलॉजी को जन-जन पहुंचाने का काम किया है। प्रभारी मंत्री श्री शर्मा आज भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के बाहर जाकर आतंकवादियों को मारकर और उनके ठिकानों को नष्ट कर साबित कर दिया है कि अब यह पहले वाला भारत नहीं है। यह 2025 वाला भारत है जो किसी भी तरह का आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के पराक्रम और एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम, ब्रह्मेस मिसाइल और प्रचंड अटैक हेलीकाप्टर जैसी स्वदेशी तकनीकों के साथ अब भारत न केवल आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति के रूप में उभर रहा है बल्कि आज रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संकट के समय भारतीय नागरिकों को विश्व के हर कोने से सुरक्षित निकालकर सिद्ध किया है कि मोदी सरकार केवल सीमाओं के अंदर ही नहीं बल्कि विश्व के हरेक कोने में भारतीयों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। श्री शर्मा ने कहा कि भारत विश्व की चैथी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।देश का वस्तु और सेवा निर्यात 825 अरब डालर तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार और अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया है। उन्होंने कहा कि हरेक क्षेत्र में पारदर्शिता के साथ काम किया जा रहा है जिसके चलते किसी भी तरह के घोटाले की कोई संभावना ही नहीं रह जाती। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नई कर व्यवस्था के तहत 12.75 लाख रूपए तक की आय पर टैक्स में छूट देकर मध्यम आय वाले लोगों को राहत देने का काम किया है। उन्होंने पीएम मोदी का नया भारत केवल धरती पर ही नहीं बल्कि अंतरिक्ष में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में वैज्ञानिकों को दिए गए महत्व और अवसर का परिणाम है कि 2024 में चंद्रयान-3 चंद्रमा के साउथ पोल पर सफलतापूर्वक उतरा है जिसे दुनिया का कोई भी देश नहीं कर पाया है। एक सवाल के जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि आपरेशन सिंदूर केवल आतंकवादियों एवं उनके ठिकानों को नष्ट करने के लिए था। न कि पीओके को भारत में मिलाने के लिए।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 सालों में देश के 99 प्रतिशत गांव सडक़ कनेक्टिविटी से जुड़ चके हैं। देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाइवे का निर्माण हो रहा है। साथ ही रेलवे बजट को 9 गुणा बढ़ाया गया है। उड़ान योजना के तहत न सिर्फ हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी 160 हुई है बल्कि आम आदमी के लिए हवाई सफर संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता किसान ही भारत की ताकत है। इसलिए मोदी सरकार ने कृषि बजट में 5 गुणा वृद्धि की है। किसानों को अनेक योजनाओं जैसे किसान सम्मान निधि आदि से लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचा है और वहीं स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ शौचायालय बनाकर माताओं-बहनों को गरिमापूर्ण जीवन दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल के कार्यकाल में हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए गए हैं तथा विदेश नीति व रक्षा नीति के चलते दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। दुनिया का हर देश भारत की बढ़ती ताकत के आगे नतमस्तक है। वार्ता के दौरान पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, नगर विधायक राजीव गुम्बर, विधायक देवेंद्र निम, विधाायक चै. कीरत सिंह, महापौर डा. अजय सिंह, पूर्व मेयर संजीव वालिया आदि मौजूद रहे।