मिशन शक्ति अभियान: कानून के प्रति जगाया, अधिकारों के लिए किया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान: कानून के प्रति जगाया, अधिकारों के लिए किया जागरूक
  • सहारनपुर में महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक पुष्पेंद्र सिंह का फाइल फोटो।

सहारनपुर [24CN]। मिशन शक्ति अभियान का परिणाम साफ नजर आने लगा है। महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। कानून को लेकर भी वह सजग हो रही हैं। इस संदर्भ में सहारनपुर की बात करें तो यहां मिशन शक्ति अभियान-3.0 काफी कारगर रहा है। मिशन शक्ति अभियान का तीसरा चरण गत 21 अगस्त 2021 को रक्षाबंधन के दिन से प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान का तीसरा चरण शुरू किया। मिशन शक्ति 3.0 के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने निराश्रित महिला पेंशन योजना शुरू की।

इस योजना के तहत 29.68 लाख महिलाओं के खातों में 451 करोड़ रुपये व 1.55 लाख बेटियों के खातों में 30.12 करोड़ ट्रांसफर किए गए। इसमें सहारनपुर की महिलाएं और बेटियां भी लाभान्वित हुईं। मिशन शक्ति अभियान-3.0 के तहत गतिविधियां आयोजित करने में सहारनपुर जनपद पूरे सूबे में पहले स्थान पर है।

महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया 21 अगस्त 2021 से अबतक सहारनपुर में 2.96 लाख गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उनको उनके कानूनी अधिकारों से भी अवगत कराया गया। इसी तरह व्यक्तियों और बालिकाओं से संपर्क करने में सहारनपुर का पूरे सूबे में तीसरा स्थान है। इसके तहत कुल 55.72 लाख व्यक्तियों और बालिकाओं से संपर्क किया गया।

महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करना है और उन्हें स्वावलंबी बनाना है। इसके अलावा महिलाओं के प्रति हिंसा करने वालों की पहचान उजागर करना, महिलाओं को राज्य में सुरक्षित महसूस कराना है। महिलाओं और बच्चियों से संबंधित जो भी केस कोर्ट में जाएंगे, उन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट भेजकर जल्द सुनवाई करवाना।

रेप केस को सबसे पहले प्राथमिकता देकर दोषियों को कड़ी सजा दिलवाना। अभियान से सभी विभागों को एक साथ जोडऩा ताकि महिलाओं को कोई परेशानी न हो। उत्तर प्रदेश में 24 विभाग चुने गए हैं जो सरकारी, स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के लिए काम कर रहे हैं। सभी पुलिस थानों में महिलाओं के लिए एक अलग हेल्प डेस्क जहां पर महिला अधिकारी और सिपाही आवश्यक रूप से मौजूद रहेंगी।

उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान को पूरे मंडल में जोर-शोर से चलाया गया। महिलाओं और बालिकाओं को स्वावलंबन की ओर उन्मुख किया गया। तमाम तरह की गतिविधियों को आयोजित करते हुए संपर्क को अभियान के रूप में चलाया गया। यही वजह है कि सहारनपुर सूबे में अव्वल आया है।