नाबालिग छात्रा को बुर्का पहनाकर किया अगवा, प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
कानपुर : कर्नलगंज में नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपित युवक ने सोमवार दोपहर छात्रा को बुर्का पहनाकर अगवा किया और रेस्टोरेंट में ले जाकर दुष्कर्म किया।
आरोपित जब छात्रा को कॉलेज छोड़ने पहुंचा तो शक होने पर कालेज प्रबंधन ने उसे पकड़ लिया। जानकारी पाकर पहुंचे विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। स्वजन की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्जकर उसे गिरफ्तार किया गया है।
बुर्का पहनाकर किया अगवा
सिविल लाइंस निवासी किशोरी कर्नलगंज क्षेत्र के एक कॉलेज से हाईस्कूल की छात्रा है। सोमवार दोपहर इलाके में रहने वाला जैद नाम का युवक छात्रा को बुर्का पहनाकर कॉलेज के बाहर से अगवाकर ले गया। उसने विकास नगर के एक रेस्टोरेंट में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया और वापस कॉलेज के गेट पर छोड़ा।
कॉलेज की शिक्षिका ने देखा कि वह बुर्का पहने हुए है और कॉलेज भी नहीं आई तो उन्होंने उसे पकडकर पूछताछ की तो इसका राजफाश हो गया। वहीं जब घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद के कृष्णा तिवारी और बजरंग दल के पदाधिकारियों को मिली तो उन्होंने आरोपित जैद के स्वजन पर भी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
छात्रा के पिता ने आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। उनका कहना है कि आरोपित के मोबाइल में उसकी कुछ फोटो हैं जिसे डिलीट करने के नाम पर वह परेशान कर रहा है।
कर्नलगंज एसीपी अकमल खान ने कहा कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है अगर जांच में उसके स्वजन की संलिप्तता सामने आती है तो मुकदमे में उनका नाम भी बढ़ाया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपित के पिता मो. नदीम सपा नेता हैं और ग्वालटोली थाने में दर्ज एक मुकदमे में जेल जा चुके हैं।
