रोजा इफ्तार में दिया एकता व भाईचारे का संदेश

रोजा इफ्तार में दिया एकता व भाईचारे का संदेश
  • सहारनपुर में रामतीर्थ केंद्र में रोजा इफ्तार कार्यक्रम को सम्बोधित करता वक्ता।

सहारनपुर। फाउंडेशन यूनिवर्सल लव एवं रामतीर्थ केंद्र के तत्वावधान में आयोजित 49वें रोजा इफ्तार में महानगर के प्रमुख लोगों ने धर्म और संस्कृति के समन्वय के साथ एकता व भाईचारे का संदेश दिया। अम्बाला रोड स्थित रामतीर्थ हॉल में आयोजित रोजा इफ्तार में इस्लामिया इंटर कालेज के पूर्व प्राचार्य जलाल उमर ने केंद्र के संस्थापक व निदेशक पं. केदारनाथ प्रभाकर को याद करते हुए उनके सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने वाले सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम के आयोजन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह समारोह धर्म और संस्कृति के बीच सेतु के रूप में समन्वय को बढ़ावा देता है। इसके माध्यम से लोगों को एक साथ एकता का संदेश भी मिलता है। उन्होंने कहा कि रोजा रखना लोगों की इच्छाओं को नियंत्रित करने का सबसे अच्छा तरीका है और उपवास चरित्र निर्माण में भी मदद करता है। वे इसे एक व्यक्ति की नैतिकता और चरित्र को ऊंचा करने का तरीका मानते हैं। उन्होंने कहा कि हदीस शरीफ में रमजान को मेलमिलाप का महीना कहा जाता है जिसका अर्थ है कि एक दूसरे के साथ मानवीय दया का व्यवहार करना और मनुष्य के प्रति दया दिखाना है। उन्होंने कहा कि इस महीने में गरीबों, जरूरतमंदों और आर्थिक संसाधनों से वंचित लोगों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि नफरत के माहौल को नफरत से नहीं बल्कि प्यार से दूर कर सकते हैं। पूर्व राज्यमंत्री सरफराज खान ने पं. केदारनाथ के पुत्र सर्वेश्वर प्रभाकर और उनके परिवार की सराहना करते हुए कहा कि वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इस दौरान मजाज शमसी, अथहर उमर सिद्दीकी, सैयद हस्सान, डा. रजनीश दहूजा, ऋषिपाल जैन, इनाम राशिद, महबूब अली, पुरूषोत्तम घई, सफात अजीम, गयूर इदरीसी, दीपक गुप्ता, प्रमिंद्र सिंह, राशिद हसन, आसिफ शमशी, रवि कुमार, अमित दहुजा, सचिन घई, नितिन मिगलानी, शेख अनु मेहताब, जुनैद खान, प्रवीण मलिक, शब्बीर शाद, हरिओम अरोड़ा, मनीष आहुजा, अरूण चौधरी, रिजवान खान आदि मौजूद रहे।