बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

- सहारनपुर में जिलाधिकारी से मिलते जाता भाकिसं का प्रतिनिधिमंडल।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के खिलाफ मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए तथा जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर दीपावली से पूर्व किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग की ताकि किसान भी दीपावली का पर्व मना सकें।
इससे पूर्व बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश संयोजक गन्ना श्यामवीर त्यागी ने कहा कि अत्यधिक वर्षा एवं ओलावृष्टि होने के कारण जनपद में किसानों की धान की फसल बिल्कुल नष्ट हो गई है। इसलिए किसानों के नुकसान का आंकलन कर तत्काल मुआवजा दिलाने की व्यवस्था की जाए। मेरठ प्रांत अध्यक्ष ठा. हरवीर सिंह ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशान किया जा रहा है तथा खरीद एवं तोल प्रक्रिया बहुत धीमी है जिस कारण किसानों को घाटे में खुले बाजार में बेचना पड़ रहा है। उन्होंने तोल क्रय केंद्रों की व्यवस्था दुरूस्त कराकर धान खरीद सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 15 अक्टूबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी चीनी मिलें चलाने का आश्वासन दिया गया था परंतु अब तक जनपद की कोई भी मिल नहीं चल पाई है जिससे गेहूं की बुआई प्रभावित हो रही है। उन्होंने अति शीघ्र सभी चीनी मिलें चलवाने की मांग की ताकि किसान अपनी गेहूं व रबी की अन्य फसलों की बुआई कर सकें। इस दौरान जिला महामंत्री विक्रम सिंह पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, राकेश त्यागी, नीरज, गौतम, विकास, अमन, इंतखाब प्रधान, अजय चौधरी, नीशू सैनी, सतपाल सैनी आदि सहित सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।