जुमे की नमाज के बाद फीरोजाबाद में बवाल: पुलिस चौकी फूंकी; मेरठ व मुजफ्फरनगर भीड़ ने किया पथराव

जुमे की नमाज के बाद फीरोजाबाद में बवाल: पुलिस चौकी फूंकी; मेरठ व मुजफ्फरनगर भीड़ ने किया पथराव

लखनऊ: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गुरुवार को लखनऊ सहित कई जिलों में बवाल के बाद आज जुमे की नमाज के बाद के माहौल पर सभी की निगाह थी। पुलिस की तमाम सक्रियता के बाद भी मेरठ, मुजफ्फरनगर व फिरोजाबाद में भीड़ ने माहौल खराब किया। नमाज के बाद इन लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने इन लोगों पर नियंत्रण करने के लिए लाठीचार्ज किया। फिलहाल सभी जगह पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल में तनाव बना है।

फीरोजाबाद में बवाल, पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ 

फीरोजाबाद में बवाल हो गया। शुक्रवार को यहां नमाज अदा कर रहे लौट रहे लोगों ने नालबंद पुलिस चौकी में आग लगा दी। कई वाहन भी आग के हवाले कर दिए और पुलिस के वाहनों में भी तोड़फोड़ कर दी। इस बीच पथराव व फायरिंग भी चल रही है। शुक्रवार दोपहर दो बजे के आसपास जामा मस्जिद से नमाज अदा कर लोग जुलूस के रूप में नालबंद पहुंचे। वहां की मस्जिद से निकले लोग भी उनमें शामिल हो गए। इसके बाद बवाल शुरू कर दिया। सीएए का विरोध कर रहे लोगों ने चौकसी के लिए तैनात पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। बचाव में पुलिस को आंसु गैस के गोले दागने पड़े। इसके बाद भी आक्रोशित लोग शांत नहीं हुए। उन्होंने नालबंद पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई बाइक जलाकर खाक कर दी इसके बाद पुलिस के वाहनों में भी तोड़फो़ड़ शुरू कर दी गई। साथ ही नालबंद चौकी पर कब्जा कर लिया। वहां के फर्नीचर को बाहर निकालकर आग लगा दी। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। शहर के रसूलपुर क्षेत्र में भी लोग सड़कों पर निकल आए हैं। आनन-फानन में फीरोजाबाद में चौकसी कड़ी कर दी गई है। हाईवे पर आ रहे वाहनों को रोक दिया गया है। आसपास के थानों की पुलिस भी बुला ली गई है।

मेरठ में लाठीचार्ज 

मेरठ में कोतवाली थाने के सामने नमाज करके लौट रहे लोगों ने प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब सवा दो बजे लोगों ने वहां पर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी, जिसके चलते पुलिस को भी भीड़ को खदेडऩे के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। यहां पर अभी भीड़ और पुलिस के बीच संघर्ष चल रहा है। डीएम, एसएसपी मौके पर पहुंचे। भीड़ को खदेड़ रहे हैं। हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

मुजफ्फरनगर में प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में दोपहर को जुमे की नमाज के बाद लोग मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे थे। इनको पहले तो पुलिस ने हटा दिया लेकिन में बाद यही लोग बालकराम पहुंच गए और पुन: प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी शुरू कर दिया। बड़े अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं।

बिजनौर में सभी मस्जिदों से लोग जामा मस्जिद में एकत्र हो गए हैं। यहां पर भीड़ की संख्या 15 से 20 हजार है। यह सभी लोग लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। किसी प्रकार की हिंसा की अभी सूचना नहीं हैं। वरिष्ठ अफसर मौके पर हैं।

सहारनपुर में सड़कों पर उतरे लोग

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद शहर की सभी मस्जिदों से हजारों की संख्या में भीड़ शहर घंटाघर की बढ़ रही है। भीड़ ने पुलिस के सभी बैरीकेडिंग भी गिरा दिए हैं। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। भीड़ प्रदर्शन करते हुए नारे लगा रही है। नमाज पढ़कर लौट रहे लोगों ने मोदी सरकार के नागरिकता संशोधन कानून को पूरी तरह से गलत बताया। वरिष्ठ अफसर भी मौके पर ही मौजूद हैं। किसी प्रकार की हिंसा की कोई सूचना नहीं है। दूसरी ओर देवबंद में भी हजारों लोग बीच बाजार आ गए हैं। यहां पर लोग मोदी सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं मेरठ में भी शाही मस्जिद में तकरीर के दौरान शहर काजी ने नागरिकता संशोधन कानून को गलत करार दिया। यहां पर जुमे की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग काली पट्टी बांधकर आए थे। शहर काजी ने तकरीर के दौरान सीएए का शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताने की अपील की है।

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गुरुवार को लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में हिंसात्मक प्रदर्शन के बाद आज जिला तथा पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। कई जिलों में इंटरनेट बंद होने से अव्यवस्था का माहौल है। प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गुरुवार को बवाल के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज पर सभी का फोकस है। लखनऊ में डीजीपी ओपी सिंह के साथ आला अधिकारी पैदल गश्त कर रहे हैं। यहां पर पुलिस व पीएसी के साथ आरएएफ भी किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए मुस्तैद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार रात शीर्ष अधिकारियों को तलब करने के बाद फटकार लगाई थी। इसके बाद आज हर जिला में सभी अफसर बेहद मुस्तैद हैं। सभी की निगाह जुमे की नमाज पर लगी हैं।

लखनऊ में गुरुवार को हिंसा के बाद आज पुराने लखनऊ में आरएएफ के साथ सीआरपीएफ को भी तैनात किया गया है। पुराने लखनऊ में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है। यहां आरएएफ तथा सीआरपीएफ की कई बटालियन तैनात हैं। पुलिस के साथ पीएसी की कई बटालियन पुराने लखनऊ पहुंची हैं। लखनऊ हिंसा के बाद हाई अलर्ट पर है। लखनऊ में डीएम तथा एसएसपी सड़क पर उतरे हैं। यह लोगों से शांत रहने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही धर्मगुरुओं से भी शांति की अपील की गई है। यहां पर प्रदर्शन को लेकर लोगों ने दुकानें की बंद है।

डीजीपी ओपी सिंह हुसैनाबाद में टीले वाली मस्जिद पहुंचे हैं। यहां पर डीजीपी ओपी सिंह पैदल गश्त कर रहे हैं। डीजीपी ओपी सिंह ने जुमे की नमाज के पहले निरीक्षण किया। डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि हम मस्जिदों के ईमाम से सपंर्क में हैं। अब कहीं पर भी हिंसा करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।

लखनऊ में टीले वाली मस्जिद पर फोर्स तैनात है। पुराने लखनऊ में पुलिस का कड़ा पहरा, पुराने लखनऊ की 10 मस्जिदों पर पहरा, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती है। नमाज का वक्त पुलिस अलर्ट हुई है। भारी तादात में रैपिड एक्शन फोर्स लगी है। डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया है। यहां आज जुमे की नमाज को लेकर पुलिस तैनात है। एडीजी जोन समेत कई अफसर मौके पर हैं। लखनऊ में कल बवाल के बाद भारी फोर्स तैनात है। आज यहां परिवर्तन चौक पर आरएएफ की कई यूनिट तैनात हैं। लखनऊ पुलिस आज उपद्रवियों की शिनाख्त कर रही हैं। पुलिस सीसीटीवी व वीडियो के आधार पर शिनाख्त कर रही है।

पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी इंटरनेट सेवा बंद की गई है। यहां सुबह 9 से शाम 7 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगी। यहां डीएम ने इंटरनेट बंद करने का आदेश दिया है। गुरुवार को विरोध प्रदर्शन के चलते इंटरनेट बंद किया गया है। प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट बंद किया है।

बिजनौैर में सीएए व एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया है। यहां पर मस्जिद की मीनार पर लगाए गए काले झंडे। विरोध को लेकर यहां मस्जिद पर काले झंडे लगाए गए हैं। शहर के चाहशीरी जामा मस्जिद के आसपास भारी फोर्स तैनात है। बिजनौर में विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सख्त है। सुबह से पुलिस प्रशासन रुट मार्च कर रही है। यहां जुमे की नामज को लेकर भारी पुलिस बल तैनात है। मस्जिदों के पास भारी पुलिस बल तैनात किया है। यहां जुलूस और सभा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा है।

प्रदेश के कई शहरों में हो रही हिंसा के बाद कानपुर में भी अलर्ट है। जिला जिला प्रशासन के साथ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सभी संवेदनशील जगहों पर पुलिस व पीएसी तैनात है। यहां चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। यह लोग सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

उन्नाव में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। डीएम देवेंद्र कुमार पाण्डेय के साथ एसपी विक्रांत वीर के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था के मद्देनजर इंटरनेट सेवा बंद है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से नजर है। यहां पर आज जुमे की नमाज को लेकर पुलिस तथा जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कासगंज में भी डीएम तथा एसपी ने शहर में फ्लैग मार्च किया। डीएम ने आम लोगों को समझाया तथा उनसे शांति बनाए रखने की अपील की।

बुलंदशहर में भी फोर्स हाई अलर्ट पर है। फोर्स की कड़ी निगरानी है। यहां जुमे की नमाज से पहले भारी पुलिस फोर्स तैनात है। प्रशासन ने नमाज से पहले धर्म गुरूओं के साथ वार्ता की है। इस दौरान मुस्लिम धर्म गुरुओं से जुलूस न निकालने की अपील की गई है। यहां जिले में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे