यूपी में मंदिरों के 500 मीटर के अंदर वाली मीट की दुकानें बंद’, CM योगी के आदेश पर प्रशासन सख्त
उत्तर प्रदेश के शामली में चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. जिले में मंदिरों के आसपास मीट की दुकानों को बंद कराने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि मंदिर से 500 मीटर की दूरी के भीतर आने वाली सभी मीट की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जा सके.
पुलिस प्रशासन ने प्रमुख मार्गों पर मीट दुकानों को कराया बंद
यह मामला शामली सदर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. कोतवाली पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके में फ्लैग मार्च किया और मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर स्थित मीट की दुकानों को बंद कराया. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने खुद निगरानी करते हुए दुकानदारों को नियमों का पालन करने के लिए निर्देशित किया.
प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं. ऐसे में उनकी आस्था और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह से कानून व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है.
पुलिस अधिकारियों की चेतावनी, 10 से 12 दिनों तक रहेगा प्रतिबंध
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह प्रतिबंध करीब 10 से 12 दिनों तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी दुकान खोलता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सड़कों पर उतरी पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सख्ती का माहौल देखने को मिल रहा है. फिलहाल, नवरात्रि को शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.
