महापौर ने रुसी प्रतिनिधि मंडल को बताया श्रीमद्भागवत का महत्व

महापौर ने रुसी प्रतिनिधि मंडल को बताया श्रीमद्भागवत का महत्व
  • सहारनपुर में रशियन प्रतिनिधि मंडल से विचार विमर्श करते महापौर डॉ. अजय कुमार।

सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने सोमवार को मेरठ में मास्को के मेयर सहित एक रुसी प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कर एनर्जी, फॉर्मिंग, एवं सॉलिड वेस्ट से ऊर्जा उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए दोनों देशों के बीच हो रहे प्रयासों एवं संभावनाओं पर विस्तार से बात की गयी।

रुसी प्रतिनिधि मंडल रुसी सरकार के विदेश वित्त एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्बंध मंत्री सर्गेई चेरेमिन के नेतृत्व में दिल्ली में स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने भारत आया है। इससे पूर्व रुसी प्रतिनिधि मंडल मेहलका बायोएनर्जी द्वारा मेरठ के ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किये जा रहे बायोगैस प्लांट के प्रांगण में आयोजित ‘वैश्विक उत्कृष्टता सम्मेलन’ में भी शामिल हुआ। इसी दौरान महापौर डॉ. अजय कुमार ने रुसी प्रतिनिधि मंडल के साथ एनर्जी,फॉर्मिंग एवं सॉलिड वेस्ट से ऊर्जा उत्पादन पर विचार साझा करते हुए प्रतिनिधि मंडल को बताया कि भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। इसी के परिणाम स्वरुप उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देशन और नगर विकास विभाग की प्रेरणा से नगर निगमों द्वारा आत्मनिर्भरता तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तेजी से कार्य करते हुए अनेक परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

महापौर डॉ. अजय ने प्रतिनिधि मंडल को श्रीमद्भागवत गीता भेंट करते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत गीता भारतीय राष्ट्र-व्यवस्था, सुशासन और सुरक्षा नीति के लिए एक शाश्वत मार्गदर्शक का कार्य करती है। यह निष्काम कर्म, कर्तव्य पालन (स्वधर्म), नैतिक आचरण और संघर्ष प्रबंधन के माध्यम से व्यक्तिगत और सामाजिक संतुलन स्थापित करती है। गीता का वसुधैव कुटुंबकम का दर्शन शांति, विश्व बंधुत्व और राष्ट्र की एकता को सशक्त बनाता है।

प्रतिनिधि मंडल में चेरेमिन के अलावा मॉस्को चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष व्लादिमीर प्लातोनोव, मॉस्को के बाहरी आर्थिक और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के विभाग के प्रमुख जॉर्ज अल-ज्राइकात, मॉस्को के रामेकी जिला प्रशासन के प्रमुख इगोर अलेक्सेव मॉस्को के बाहरी आर्थिक और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के विभाग, समन्वय प्रभाग की प्रमुख दारिया पुस्तोवालोवा, प्रोटोकॉल प्रभाग की प्रमुख गैलिना अनुफ्रीवा व एलेक्सी बोंदारुक और फेडोर लोला आदि शामिल रहे। इससे पूर्व मेहलका बायोएनर्जी के अधिकारियों द्वारा महापौर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।


Leave a Reply