मेयर ने सहारनपुर को नंबर वन लाने का संकल्प दोहराया

- सहारनपुर में नगर निगम में ध्वजारोहण करते नगरायुक्त व महापौर।
सहारनपुर [24CN]। मेयर संजीव वालिया ने कहा है कि सहारनपुर में कार्य की अपार संभावनाएं हैं। पूर्व में जो कमियां रही हैं उन्हें दूर कर सहारनपुर को नंबर वन बनायेंगे। वह यहां नगर निगम परिसर में स्वतंत्रता पर्व पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। मेयर और नगरायुक्त ने रायवाला स्थित निगम के बगीचे में पौधों से विकसित किये जा रहे अशोक चक्र के केंद्र पर भी ध्वजारोहण किया और बगीचे में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
नगरायुक्त ने चकहरेटी में आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा जीर्णोद्धार किये गए तालाब के किनारे आयोजित एक कार्यक्रम में भी ध्वजारोहण कर लोगों को तालाबों सहित अपने सभी जल स्त्रोतों को स्वच्छ और संरक्षित करने पर बल दिया। मेयर वालिया ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सहारनपुर में बड़ा बदलाव आया है। कोरोना काल में सहारनपुर नगर निगम ने करीब साढेघ् आठ लोगों को निशुल्क भोजन वितरित कर और करीब चार हजार लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क मेडिकल परामर्श दिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में अभी और बहुत विकास कार्य होने हैं, जो कमियां पूर्व में रह गयी है उन्हें दूर कर सहारनपुर को नंबर वन बनाने का प्रयास किया जायेगा।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक अभिव्यक्ति है। हमारा गौरव और सम्मान है। हर घर तिरंगा लगाकर हम राष्ट्रीय भावनाओं को अभिव्यक्त करें। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के रुप में जो हमारे कार्य हैं, उन्हें शिद्दत से करने का भी हम आज संकल्प लें तभी देश ऊंचा उठेगा। अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। जो कार्य हमारा दायित्व है, हम उसे अगर पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ करते है तो वह भी देश सेवा है, फिर देश के लिए किसी अतिरिक्त बलिदान की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा कर्नल बी एस नेगी, पार्षद मंसूर बदर, आशुतोष सहगल, अशोक राजपूत, रेखा रोहिला, अनिल पप्पू, मुकेश गक्खड़, मान सिंह जैन, यशपाल पुंडीर, सुनील शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों को मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने उपहार भी भेंट किए। संचालन भूरा सिंह प्रजापति ने किया। पार्षद मनोज जैन, ज्योति अग्रवाल, विराटपुरी, पिंकी गुप्ता व पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दकी, वीना बजाज आदि भी मौजूद रहे।