महापौर ने किया दो वार्डो में सडक़ों के निर्माण कार्य का शुभारंभ
- सहारनपुर में नारियल फोडक़र सडक़ का शुभारंभ करते महापौर व नगर विधायक।
सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने आज शहर के दो वार्डो में दो सडक़ों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। दोनों सडक़ों के निर्माण पर करीब 70 लाख रुपये की लागत आयेगी। नगर विधायक राजीव गुंबर भी इस दौरान मौजूद रहे। महापौर डॉ. अजय कुमार व नगर विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई के साथ आज वार्ड नंबर 16 के नवीन नगर पहुंचे और नारियल फोडक़र व फीता काटकर सडक़ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस सडक़ पर करीब 23 लाख रुपये का व्यय आयेगा। इसके अतिरिक्त महापौर व नगर विधायक ने वार्ड 54 नूर बस्ती में भी फीता काटकर सडक़ का शुभारंभ किया। इस सडक़ पर करीब 46 लाख रुपये की लागत आयेगी।
इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि इन सडक़ों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए नगर निगम लगातार सडक़ों व नालों आदि का निर्माण करा रहा है ताकि शहर के लोगों की समस्याओं को समाप्त कर महानगर के विकास के नये पायदान पर खड़ा किया जा सके।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि शहर में होने वाले निर्माण कार्यो से सहारनपुर समग्र विकास नई दिशा प्राप्त कर रहा है। इस दौरान भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, अमित गगनेजा व क्षेत्रीय पार्षद सुलेख चंद व पार्षद कलीम अहमद के अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल मेहंदीरत्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
