सहारनपुर को सुंदर और विकसित बनाना निगम का लक्ष्य: मेयर

- सहारनपुर में पार्षदों के साथ पौधारोपण करते नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह।
सहारनपुर [24CN] । ग्रीन सहारनपुर क्लीन सहारनपुर के सपने को साकार करने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत शनिवार को गंगोह रोड के नवनिर्मित डिवाइडर पर करीब एक हजार लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर पौधारोपण किया। इस डिवाइडर को प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान इंडियन हब्र्स द्वारा वृक्षारोपण के लिए गोद लिया गया है। डिवाइडर पर लगाये गये सभी तीन हजार पौधे इंडियन हब्र्स द्वारा प्रदान किए गए।
वृक्षारोपण अभियान में सहयोग के लिए मेयर संजीव वालिया, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कुनाल जैन, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने निगम की ओर से इंडियन हब्र्स के एम डी सुधाकर अग्रवाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया। बाद में उपरोक्त के अलावा पार्षद कलम सिंह, गोपाल दास, सुनील शर्मा, रमन चौधरी, भूरा सिंह प्रजापति, विराट पुरी, नंदकिशोर, रेखा रोहिला सहित क्षेत्र के लगभग एक हजार लोगों ने पौधारोपण किया। अभियान की विशेष बात यह रही कि गंगोह रोड के दुकानदारों और सब्जी ठेलीवालों को भी वृक्षारोपण में भागीदार बनाया गया।
मेयर संजीव वालिया ने कहा कि निगम का लक्ष्य सहारनपुर को एक सुंदर और विकसित शहर बनाना है ताकि बड़े उद्योग और कंपनियां भी यहां आयें और ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा हो। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सहारनपुर एक हरे भरे शहर की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने शहर के लोगों से आह्वान किया कि वे वृक्षारोपण अभियान में भागीदार बनें। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान को गति देने केलिए निगम द्वारा स्थापित ग्रीन कोष में भी पौधे, वृक्ष और बीज आदि दान देने की अपील की। चिलचिलाती धूप में भी गंगोह रोड पर पौधारोपण के दौरान एक उत्सव का सा माहौल रहा।