जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर मायावती का बड़ा दावा, सपा-कांग्रेस पर लगाए ये आरोप
उत्तर प्रदेश के जेवर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (28 मार्च) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फर्स्ट फेज का उद्घाटन किया. इस बीच बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बड़ा दावा कर दिया है. मायावती ने कहा कि काफी लंबे इंतजार के बाद जेवर में नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डे के प्रथम चरण का शनिवार को उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी जरूरी बुनियादी कार्य बी.एस.पी. की मेरी सरकार में ही शुरू हो गए थे.
जेवर एयरपोर्ट को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इतना ही नहीं बल्कि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता.
मायावती ने सपा सरकार को लेकर क्या कहा?
मायावती ने आगे लिखा कि जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज्यादातर समय उत्तर प्रदेश की गरीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने हेतु विकास के ठोस कार्य करने के बजाय राजनीतिक फायदा उठाने में चला गया.
खासकर बी.एस.पी. सरकार द्वारा समाज के कमजोर तबकों के हित, कल्याण व उनके उत्थान हेतु लिए गए ऐतिहासिक फैसलों व किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने के साथ-साथ बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व जिला आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, एवं पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है.
मायावती ने यूपी की जनता से की अपील
पोस्ट में बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति व बहकावे में ना आकर बी.एस.पी. के ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धांत में विश्वास रखते हुए अपने व प्रदेश के विकास हेतु बी.एस.पी. के आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें. उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिए अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा?
