
मिशन 2027 को लेकर मायावती ने लखनऊ में बुलाई अहम बैठक, कहा- ‘BSP को कमजोर करने की हो रही साजिश’
उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस बैठक में 1400 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हुए, जिसमें ज़िलाध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष बैठक में शामिल हैं. इस बैठक में संगठन को बढ़ाने और जनाधार बचाने को लेकर मंथन किया गया.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस बैठक के बाद पत्रकारों से भी बात की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा को कमजोर करने के लिए विरोधी पार्टियों को लेकर जो षड्यंत्र रचे जा रहे हैं उनसे भी पार्टी पदाधिकारियों को सचेत किया जाएगा.
मायावती ने विरोधियों पर साधा निशाना
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार भी वर्तमान समय में जनहित के मुद्दों पर काम करने की बजाय जाति-धर्म की आढ़ में अपनी राजनीति चमकाने में लगी रहती है. इससे समाज मे द्वेष की भावना पैदा हो रही है जो देश और जनहित में ठीक नही हैं.
मायावती ने इस दौरान संसद में हो रहे हंगामे को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि संसद में चर्चा करने की बजाय एक-दूसरे को नीचा दिखाने का ड्रामा किया जा रहा है. संसद को चलाने के लिए बने कानून पर अमल करना चाहिए. इनकी आपसी लड़ाई के कारण सभी मुद्दे दरकिनार कर दिए गए. सत्ता और विपक्ष को इन कार्यो से बचना चाहिए.
जनहित की बजाय जाति-धर्म की राजनीति
अमेरिका-भारत की ट्रेड डील पर बसपा सुप्रीमो ने कि आज भी देश में किसान, मजदूर, मुस्लिमों की स्थिति और उनके हालात सुधारने पर काम नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि टैरिफ पर संसद में स्थिति साफ होनी चाहिए. यह देश देख रहा है. विपक्ष और सत्तासीन दल दोनों की ओर से एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए घटिया राजनीति चल रही है.
विरोधी दल बीएसपी को कमजोर करने के लिये आए दिन साजिश कर रहे हैं. मायावती ने कहा कि यूपी में विधानसभा चुनाव के लिए अब समय बहुत कम है. पार्टी के मूवमेंट के हित में आज पार्टी की बडी बैठक थी. इस बैठक में प्रदेश मंडल और 403 सीट के अध्यक्ष भी शामिल रहे. इस दौरान पार्टी की सालाना गतिविधियों को चलाने और एसआईआर को लेकर भी चर्चा की गई.
