गुरमत समागम के रूप में मनाया गया गुरू तेगबहादुर का शहीदी दिवस
- सहारनपुर में गुरू तेगबहादुर के शहीदी दिवस पर आयोजित गुरमत समागम का दृश्य।
सहारनपुर [24CN] । गुरू तेगबहादुर पब्लिक स्कूल व गुरूद्वारा गुरूसिंह सभा के तत्वावधान में हिंदू धर्म की रक्षा करने के लिए दिल्ली के चांदनी चौक पर शहीद हुए सिख धर्म के नौंवें गुरू श्रीगुरू तेगबहादुर सिंह का शहीदी दिवस गुरमत समागम के रूप में मनाया गया। गुरूद्वारा रोड स्थित गुरूद्वारा श्री गुरूसिंह सभा में आयोजित गुरमत समागम में सर्वप्रथम हैडग्रंथी ज्ञानी बीरसिंह ने श्री गुरूग्रंथ साहिब के सहज पाठ का भोग डाला। उसके बाद गुरू तेगबहादुर पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरू तेगबहादुर के जीवन व शहीदी पर कविता, इतिहास एवं गुरूजी द्वारा रचित गुरबाणी सुनाई। इसके बाद गुरूद्वारा गुरूसिंह सभा के हजूरी रागी जत्थे भाई परमजीत सिंह व भाई नरेंद्र सिंह ने गुरबाणी कीरतन सिमरन से संगत को निहाल किया।
सिख धर्म के प्रचारक ज्ञानी कुलदीप सिंह ने संगत को श्रीगुरू तेगबहादुर की शहादत का इतिहास बताया तथा उनके आदर्शों पर चलने के लिए संगत को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन गुरू तेगबहादुर पब्लिक स्कूल के पूर्व कोषाध्यक्ष एम. पी. सिंह चावला ने किया। इस दौरान गुरूद्वारा सिंह सभा की निवर्तमान कमेटी के प्रधान स. जसवीर सिंह बग्गा, प्रबंधक गुरविंद्र सिंह कालरा, हरेंद्र सिंह चड्डा, मनप्रीत बतरा, धीरेंद्र सिंह गोल्डी, अमन दुआ, अमरजीत, सुखविंद्र, सुखवीर सेठी, पुष्पेंद्र, राजू साहनी, सतविंद्र माकन, आई. पी. सिंह, गुरू तेगबहादुर पब्लिक के प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
