नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और राजस्थान के बाद शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी और उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के एक गांव में हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने वाहनों में तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद वारदात स्थलों पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। दो राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस अधिकारियों से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हिंसा, कई घायल
देश की राजधानी दिल्ली में भी सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी है। जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया। उपद्रवियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। अचानक भड़की इस हिंसा में पुलिस सब इंस्पेक्टर मदन लाल मीणा समेत कई लोग घायल हो गए। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शाह ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश, केस दर्ज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने बताया कि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है। शांति व्यवस्था बहाल की गई है। कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
ऐसे भड़की हिंसा
हनुमान जन्मोत्सव पर हिंदू संगठन जहांगीरपुरी इलाके में शोभायात्रा निकाल रहे थे। इसमें शामिल लोग हाथों में लाल रंग की पताका लेकर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा कुशल सिनेमा के निकट सी ब्लाक में पहुंची तो वहां एक धार्मिक स्थल के पास मौजूद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने जब विरोध किया तो पथराव करने वाले लोग और उग्र हो गए और छतों पर चढ़कर पथराव करने लगे। इससे वहां अफरातफरी फैल गई और भगदड़ मच गई।
वाहनों को किया आग के हवाले, सब इंस्पेक्टर भी घायल
उपद्रवी वाहनों में तोड़फोड़ करने लगे और उनमें आग लगा दी। इस दौरान करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने पहुंचे सब इंस्पेक्टर मदन लाल मीणा भी घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगने की बात कही जा रही है। उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों को मौके पर ही रहने के निर्देश
दिल्ली पुलिस के आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा कि उत्तरी बाहरी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद स्थिति नियंत्रण में है। जहांगीरपुरी सहित अन्य संवदेनशील इलाकों में वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए उन्हें मौके पर ही रहने का निर्देश दिया गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
सुनियोजित साजिश
शोभायात्रा में शामिल लोगों ने बताया कि जिस तरह हमला हुआ उससे जाहिर है कि सुनियोजित था। हमलावरों ने पहले से ही ईंट, पत्थर, बोतलें जमा कर रखीं थीं। अचानक हुए पथराव से शोभायात्रा में शामिल लोग खुद को संभालते कि दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के निकट स्थित मकानों की छतों पर से भी ईंट, पत्थर के साथ ही कांच की बोतलों आदि से हमला और तेज कर दिया गया।
महिलाओं ने भी किया पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पथराव करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं।हमलावर तलवार और दूसरे हथियार लहराने लगे। वाहनों में तोड़फोड़ के साथ ही उन्हें आग के हवाले करने लगे। जिस जगह पर वारदात हुई है, वहां बांग्लादेश के मुसलमान रहते हैं।
बरेली में खंडित की प्रतिमा
उप्र में बरेली के धीमरी गांव में शुक्रवार रात भगवान हनुमान की प्रतिमा खंडित कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार शाम को आरती के समय लोगों की प्रतिमा पर निगाह गई, तो हंगामा खड़ा हो गया।
वार-पलटवार से गरमाई सियासत
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना शांति के देश तरक्की नहीं कर सकता है। दिल्ली में शांति व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी पुलिस और केंद्र सरकार की है जिसे उन्हें निभाना चाहिए। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं लेकिन कोई जिम्मेदारी नहीं लेंगे। वह दिल्ली में सरकार नहीं चला पा रहे हैं और दूसरे पर आरोप लगाते हैं। भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
हरिद्वार में शोभायात्रा पर पथराव, दारोगा समेत 10 घायल
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में भगवानपुर के डाड जलालपुर गांव के पास हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। इस दौरान 10 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। शोभायात्रा में साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी भी घायल हो गए। उपद्रवियों ने एक दूध की गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए दो वाहनों में भी आग लगा दी।
उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी
हरिद्वार जिले में घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। मौके पर करीब 800 ग्रामीण मौजूद थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूरी स्थिति पर स्वयं नजर रखे हुए हैं।
उप्र में भी हाई अलर्ट
दिल्ली में हिंसा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट किया गया है। खासकर एनसीआर में चप्पे-चप्पे पर पूरी मुस्तैदी बरतने के कड़े निर्देश हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार के मुताबिक पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को विभिन्न आयोजनों के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। हर छोटी घटना को भी पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करने के साथ ही शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।