मेयर और शहर विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप, मनीष त्यागी ने लगाया नजरबंदी का आरोप

मेयर और शहर विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप, मनीष त्यागी ने लगाया नजरबंदी का आरोप
  • सहारनपुर में हाऊस अरेस्ट कांग्रेस महानगर अध्यक्ष बयान जारी करते।

सहारनपुर। शहर के निवासी मनीष त्यागी ने मेयर और शहर विधायक पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रशासन पर उन्हें बिना किसी अपराध के घर में नजरबंद रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में एक आम नागरिक के साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।

मनीष त्यागी के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए उन्हें पूरे दिन उनके ही घर में रोककर रखा गया। उनका कहना है कि प्रशासन को आशंका थी कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर शहर में हो रहे भ्रष्टाचार, नगर निगम में कथित लूट और जनसमस्याओं को उजागर कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में मेयर और शहर विधायक की मिलीभगत से जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। त्यागी ने कहा कि शहर की कई सड़कों को पिछले तीन वर्षों में बार-बार तोड़कर बनाया गया, जिससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हुई, बल्कि स्थानीय व्यापारियों का रोजगार भी प्रभावित हुआ है।

उन्होंने हकीकत नगर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां सड़क निर्माण के कारण दुकानदारों का व्यापार लगभग ठप हो चुका है। त्यागी का आरोप है कि इन कार्यों के पीछे कमीशन को लेकर आपसी खींचतान जिम्मेदार है। इसके अलावा उन्होंने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से की जा रही मनमानी वसूली का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वह इन सभी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराना चाहते थे। मनीष त्यागी ने सवाल उठाया कि क्या आम जनता के मुद्दों को उठाना अपराध है और क्या लोकतंत्र में नागरिकों को अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है।


Leave a Reply