shobhit University Gangoh
 

मण्डलायुक्त ने आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत की कानून व्यवस्था की बैठक

मण्डलायुक्त ने आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत की कानून व्यवस्था की बैठक

डीजे की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न हो – मण्डलायुक्त

सहारनपुर ।  मण्डलायुक्त श्री अटल कुमार राय की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में आगामी त्यौहारों मेला गुघाल, ईद-ए-मिलाद, अनन्त चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा, महाराजा अग्रसैन जयन्ती, दशहरा महानवमी, गांधी जयन्ती, मेला शाकुम्भरी देवी आदि के दृष्टिगत कानून व्यवस्था की बैठक आहूत की गयी। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी सहारनपुर श्री मनीष बंसल, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर श्री उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी शामली श्री अरविन्द कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर श्री आशीष तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक शामली श्री रामसेवक गौतम उपस्थित रहे।

मण्डलायुक्त ने बताया कि नशे के विरूद्ध ऑपरेशन सवेरा चलाकर मण्डल में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इसकी जागरूकता के संबंध में जिलाधिकारी अपने स्तर से रणनीति बनाते हुए कार्य करें। ग्राम प्रधानों का भी संवेदीकरण किया जाए तथा इसमें समाज के सभी वर्गों को शामिल कर सुझाव लिए जाएं तथा नशा छोड चुके लोगों के अनुभवों से नशा करने वालों को अवगत कराया जाए। यह समाज को प्रगतिगामी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है।

श्री अटल कुमार राय ने कहा कि मेलों के आयोजनों के समय घाट की बैरीकेटिंग, गोताखोर एवं नाव की उपस्थिति अवश्य रहे। इस संबंध में आयोजकों की समितियों के साथ बैठक की जाए। त्यौहारों में शस्त्रों का प्रदर्शन न हो। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहे। प्रत्येक डीजे की ऊंचाई 10 फीट तथा चौडाई 12 फीट से अधिक न हो। मेले को प्लास्टिक मुक्त रखा जाए। खाद्य स्टालों पर रेट लिस्ट जरूर चस्पा हो तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन हो। मेले में फायर और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम करने के साथ ही बेहतर साफ-सफाई रखी जाए। कांवड यात्रा में बनाए गये नियमों को ध्यान में रखकर कार्यवाही करें। सडकों को गड्ढामुक्त किया जाए। एंटी लार्वा का छिडकाव एवं फॉगिंग कराई जाए।

मण्डलायुक्त ने आगामी 06 और 07 सितम्बर को आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा। इस संबंध में उन्होने सभी जनपदों में टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए।

पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह ने ऑपरेशन सवेरा की सफलता के संबंध में की गयी कार्रवाई एवं उपलब्धियों को बताया। उन्होने कहा कि मण्डल में अभी तक 8.5 करोड़ रूपये से अधिक के मादक पदार्थों की जब्ती की जा चुकी है तथा 70 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। उन्होने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में नशे की लत के कारणों का पता लगाया जाए। मेले के आयोजन के समय में संवेदनशील मार्गों पर निरंतर भ्रमण किया जाए। उन्होने पुलिस अधिकारियों को मेलों में सजग रहने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन श्री रमेश यादव एवं सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jamia Tibbia