shobhit University Gangoh
 

खिलौने तेंदुए पर उमड़ी ममता, पिंजरे में फंसी आदमखोर मादा तेंदुआ

खिलौने तेंदुए पर उमड़ी ममता, पिंजरे में फंसी आदमखोर मादा तेंदुआ
हाइलाइट्स
  • लंबे समय से आदमखोर मादा तेंदुए को पकड़ने में लगे थे वन विभाग के कर्मचारी
  • अलीपुरद्वारा जिले के एक टी गार्डेन में तेंदुआ पकड़ने के लिए रखा गया तेंदुआ
  • शावक की तरह दिखने वाले एक खिलौने को देखकर पिंजरे में फंसी मादा तेंदुआ

कोलकाता
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के एक टी गार्डेन में आदमखोर मादा तेंदुए को पकड़ लिया गया है। बताया गया कि इस तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने तुलसीपारा टी गार्डेन में एक पिंजरा रखा था। इसी पिंजरे में तेंदुए जैसे दिखने वाले खिलौने को रखा गया था। इसी को देखकर मादा तेंदुआ पिंजरे में आई और पकड़ी गई।

बताया गया कि टी गार्डेन में काम करने वाले लोगों ने जब पिंजरे में फंसे तेंदुए को देखा तो वन विभाग की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए को साउथ खैरबाड़ी लेकर गई है। जानकारी के मुताबिक, इस तेंदुए ने पिछले साल 17 दिसंबर को टी गार्डेन में ही एक लड़की की जान ले ली थी। इस घटना के बाद से ही यहां काम करने वाले लोग काफी डरे हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, तेंदुए को पकड़ने के लिए लंबे समय से वन विभाग के अधिकारी परेशान थे। कभी बकरी के सिर तो कभी बोलती गुड़िया का इस्तेमाल किया गया लेकिन मादा तेंदुआ कभी हाथ नहीं आई। ऐसे में वन विभाग ने तेंदुए के शावक जैसा दिखने वाला एक खिलौना पिंजरे में रखा। यह मादा तेंदुआ इसे अपना बच्चा समझ बैठी और पिंजरे में आकर फंस गई।

Jamia Tibbia