‘ममता बनर्जी ने सत्ता की मलाई खाकर…’, प्रयागराज में डिप्टी CM केशव मौर्य का विपक्षी नेताओं पर हमला

‘ममता बनर्जी ने सत्ता की मलाई खाकर…’, प्रयागराज में डिप्टी CM केशव मौर्य का विपक्षी नेताओं पर हमला
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर कई तीखे बयान दिए.

डिप्टी सीएम ने कहा कि जिस तरह से देश में राहुल गांधी और यूपी में सपा मुखिया अखिलेश यादव सत्ता से बाहर हैं, उसी वजह से उनमें बौखलाहट देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि ठीक उसी तरह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भी बौखलाई हुई हैं क्योंकि उन्हें यह आभास हो गया है कि अब उनकी सत्ता वापस जा रही है.

पश्चिम बंगाल की स्थिति पर सवाल

केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में सत्ता की मलाई खाकर उसे बर्बाद कर दिया. उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि बिहार, जो कभी पिछड़ा माना जाता था, अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल से आगे निकल गया है.

उन्होंने यह भी कहा कि एक समय ऐसा था जब पश्चिम बंगाल की तुलना महाराष्ट्र जैसे विकसित राज्यों से की जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. मौर्य ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में पश्चिम बंगाल देश का सबसे पिछड़ा राज्य बन गया है. इसके लिए उन्होंने कम्युनिस्ट सरकार और पिछले 15 साल से चल रही टीएमसी सरकार को जिम्मेदार ठहराया.

अखिलेश यादव के कार्यकाल पर निशाना

डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में उत्तर प्रदेश का कोई विकास नहीं किया. उन्होंने कहा कि यही कारण था कि 2017 में प्रदेश की जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया.

उन्होंने आगे कहा कि बार-बार कोशिशों के बावजूद अखिलेश यादव सत्ता में वापसी नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि जनता समाजवादी पार्टी का चरित्र समझ चुकी है.

सपा सरकार के समय कानून-व्यवस्था पर सवाल

केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी. उन्होंने कहा कि उस दौर में महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे और प्रदेश में पलायन की स्थिति बन गई थी.

उन्होंने कहा कि उस समय यूपी में अराजकता का माहौल था और प्रदेश की पहचान दंगा प्रदेश के रूप में बन गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर राम भक्तों पर अत्याचार की बात की जाए तो सपा सरकार हिंदुओं पर अत्याचार करने वाली सरकार रही है.