वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षित बनाने में सहयोग देना प्रेरणादायक कार्य: मकवाना

वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षित बनाने में सहयोग देना प्रेरणादायक कार्य: मकवाना
  • सहारनपुर में संत कमल किशोर को सम्मानित करते उपकार फाउंडेशन के पदाधिकारी।

सहारनपुर। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि उपकार फाउंडेशन द्वारा गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा का खर्च वहन करना अत्यंत प्रेरणादायक कदम है। इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर संत कमल किशोर महाराज को विशेष सम्मान से सम्मानित भी किया गया।

राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना उपकार फाउंडेशन दिल्ली का वार्षिकोत्सव समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह में 100 से अधिक बच्चों को जाति-पाति, धर्म, भाषा, ऊँच-नीच की सीमाओं से परे जाकर स्कॉलरशिप प्रदान की गई। इस अवसर पर इंजीनियर वाई.एल. बांका द्वारा लिखित काव्य संग्रह तुम्हारी कहानी, मेरे जुबानी का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, विशिष्ट अतिथि दिव्य शक्ति अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर संत कमल किशोर महाराज, पूर्व सीबीआई निदेशक पद्मश्री डी.आर. कार्तिकेयन, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर कर्नल मोनिल कुमार, फाउंडेशन की फाउंडर चेयरपर्सन डॉ. रेखा बांका, संरक्षक इंजीनियर वाई.एल. बांका, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. योगानंद शास्त्री, तथा महामंडलेश्वर डॉ. सुरेंद्र शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि उपकार फाउंडेशन द्वारा गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा का खर्च वहन करना अत्यंत प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे प्रयास तभी सफल होंगे जब सभी लोग मिलकर सहयोग करें। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि संत कमल किशोर महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की नैतिक शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा में संस्कार और नैतिकता का समावेश आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सम्मानित व्यक्तित्वों में पूरन सिंह डबास, डॉ. एस.पी. अग्रवाल, ग्रुप कैप्टन एस.सी. बाहरी, तथा लेफ्टिनेंट कर्नल सरदार जसबीर सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के न्यूजलेटर का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में कविता बांका, अनुपमा खंडेलवाल, हेमलता लोहिया, मुस्कान गुप्ता, एकांत सिंह, भीमसेन मुंजाल, देवांश, अंजु बाला, सिम्मी सडाना सहित अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में महंत गिरधारी महाराज, पूर्व एसीपी योगगुरु मंगल सिंह, नितिन दीवान,  विनोद घाघट, विक्रम टाक, आर.सी. नागपाल, डॉ. वसन्था, अजय सिंघल, एम. एल. थरेजा, पी.एस. धींगरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार पांडे द्वारा किया गया।


Leave a Reply