पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं कार्यकर्ता: नीरपाल

- सहारनपुर में रालोद की बैठक को सम्बोधित करते पूर्व राज्यमंत्री चौ. नीरपाल सिह।
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यमंत्री चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांवों व कस्बों के सभी सैक्टरों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर किसान, गरीब, मजदूर, बेरोजगार, युवाओं व महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उच्चाधिकारियों से मिलकर उनकी मदद करें तथा समस्याओं का समाधान कराने का काम करें।
चौ. नीरपाल सिंह आज यहां हकीकत नगर स्थित रालोद के शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के स्पष्ट निर्देश हैं कि जो भी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएगा उसे ही पार्टी में पद व सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 1 मई से रालोद का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा जिसके लिए कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर तैयारी करें। शहरी क्षेत्र से लेकर गांव-गांव में रालोद के सक्रिय सदस्य होने चाहिए। एक जिले में कम से कम 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य होना चाहिए।
चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि नगर निकाय के चुनाव नजदीक आ रहे हैं। रालोद नगर निकाय चुनाव में उतरेगी। इसलिए सभी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के साथ-साथ नगर निकाय के चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। युवा प्रभारी रिंकू सोनकर व अरविंद मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और सैक्टर स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी। बैठक में नरेंद्र सिरोही, सतीश चौधरी, जितेंद्र तोमर, अगम तोमर, निकेत मलिक, भगतसिंह, ठा. जनक, कमल सोनकर, राजन वाल्मीकि, गौरव कुमार, निशांत जाटव, सोनू सोनकर, प्रदीप, शुभम, अंकित, लखन, महीपाल सिंह आदि मौजूद रहे।