श्रीराम के जीवन दर्शन को सुनकर बनाएं परिवार को सुखमय: मंगलानंद

श्रीराम के जीवन दर्शन को सुनकर बनाएं परिवार को सुखमय: मंगलानंद
  • सहारनपुर में श्रीराम कथा की अमृत वर्षा करते स्वामी मंगलानंद महाराज।

सहारनपुर। स्वामी मंगलानंद महाराज ने कहा कि श्रीराम चंद्रजी समेत चारों भाई विवाह कर जब अयोध्या में पहुंचे तो पूरी अयोध्या सजाई गई थी और दीपावली मनाई गई थी। स्वामी मंगलानंद महाराज आज यहां नुमाईश कैम्प स्थित श्रीगौदेवी मंदिर गौशाला में आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन ज्ञान की अमृत वर्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तीनों माताओं ने चारों भाइयों का स्वागत व अभिनंदन किया और महाराज दशरथ ने कहा कि कौशल्या ये चारों बहुएं आई हैं तथा ये चारों अपना घर छोड़कर हमारा घर सजाने आई हैं। इसलिए तुम इन्हें ऐसे रखना जैसे पलकें आंखों की रक्षा करती हैं। कौशल्या भी सास नहीं बल्कि मां बनकर चारों बहुओं के साथ प्यार व स्नेह के साथ रही।

स्वामी मंगलानंद महाराज ने कहा कि यह एक आदर्श है कि कैसे गृहस्थ जीवन हो बहू बेटी बन जाए और सास मां बन जाए। हर सनातन धर्मी और प्रत्येक इंसान को गृहस्थ जीवन कैसे हो, इसके लिए श्रीराम के जीवन दर्शन को पढऩा और सुनना चाहिए और अपने जीवन में उतारकर परिवार को सुखमय बनाना चाहिए। बाबा गोपालदास ने गौसेवक परिवारों से एक रूपया व एक रोटी प्रतिदिन गौमाता के लिए भेंट करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गौसेवा से भगवान नारायण प्रसन्न होते हैं। इसलिए गौमाता की रक्षा और सेवा करना जरूरी है। आचार्य प्रज्ञीत कौशिक व संत उपासना बाई ने कहा कि धरती पर पाप, अत्याचार व अनाचार बढऩे का मुख्य कारण यही है कि मनुष्य का धर्म से विमुख हो जाना। जब धर्म पथ के कर्म के अनुसार परोपकार के लिए मनुष्य जीएगा और बेसहाराओं का सहारा बनेगा और दीन-दु:खियों की मदद करेगा तो इंसान का जीवन इसी धरती पर स्वर्ग हो जाएगा।

इस दौरान वंदेमातरम मिशन एक चिंगारी ट्रस्ट के संस्थापक विजयकांत चौहान ने बाबा गोपालदास महाराज, संत उपासना बाई, आचार्य प्रज्ञीत कौशिक, व्यापारी नेता महेश नारंग, पार्षद किशोर शर्मा को पगड़ी, पटका व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सुभाष चोपड़ा, अरूण मलिक, रघुवीर सिंह चुघ, विवेक प्रताप सिंह राय, बंटी, चरणसिंह, ममता चानना, आशा चौहान, रमेश पंजाबी, कृष्णा देवी, नंदिनी बाटला, पूनम सिंह, पूनम खुराना, अंकित टंडन, वरूण राय, सुनीता रानी, मनी सचदेवा, शिमला सचदेवा, रंजीता वर्मा, डा. विजय गांधी, डा. जोनी गांधी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।