जिले में परम्परागत ढंग से मनाई गई महाशिवरिात्र

जिले में परम्परागत ढंग से मनाई गई महाशिवरिात्र
  • सहारनपुर में महाशिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु।

सहारनपुर। जनपद में भगवान भोलेशंकर की उपासना का पर्व महाशिवरात्रि का त्यौहार बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं द्वारा शिवालयों में जाकर भगवान शिव की विधि-विधान के साथ पूजा कर जलाभिषेक किया गया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय संस्कृति का आधार माने जाने वाले त्रिदेव में भगवान शिव का विशेष स्थान है जिसके चलते शैव मत के श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसी कड़ी में फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को तिथि को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व पर होने वाले जलाभिषेक के लिए जिले में शिवालयों को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया था। बीती रात्रि 12 बजे से ही हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना करने के बाद विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। महानगर के प्रमुख शिवालय श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में दिन निकलने से पूर्व ही श्रद्धालुओं की लम्बी-लम्बी कतारें लग गई थी जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कतारबढ़ होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

इसके अलावा महानगर के चकरौता रोड स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, रानी बाजार स्थित श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, संकलापुरी स्थित श्री शंखलेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री आशेश्वर महादेव मंदिर, श्री गणेशवर महादेव मंदिर, आवास विकास स्थित श्रीहरि मंदिर, गिल कालोनी स्थित श्री नारायण मंदिर, मक्खन कालोनी स्थित शिव मंदिर, खलासी लाईन स्थित गोपाल मंदिर, पुल खुमरान स्थित श्री रामेश्वर मंदिर, गोटेशाह की चुंगी स्थित श्री गोटेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा विधिविधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया गया। उधर महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण व निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एक ओर जहां सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन कुमार ताड़ा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी देहात सूरज राय, सीओ देवबंद रामकरण सिंह, सीओ गंगोह अभितेज सिंह, सीओ नकुड़ चंद्रपाल शर्मा, सीओ सदर नीरज सिंह समेत जनपद में तैनात पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। उधर महाशिवरात्रि पर्व पर विभिन्न कस्बों में भगवान शिव की शोभायात्रा भी निकाली गई। इसके अलावा थाना तीतरो क्षेत्रांतर्गत गांव बरसी स्थित महाभारतकालीन शिव मंदिर में लगने वाले मेले का शुभारम्भ उपजिलाधिकारी नकुड़ आर. रमैया ने विधिवित रूप से फीता काटकर किया। तत्पश्चात एसडीएम आर. रमैया व सीओ गंगोह अभितेज सिंह द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

इसके अलावा देवबंद कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मनकेश्वर महादेव मंदिर, कस्बा रामपुर मनिहारान के ऐतिहासिक श्री ठाकुरद्वारा मंदिर, सरसावा के वनखंडी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा विधिविधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान जनपद भर में पुलिस द्वारा सुरक्षा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उधर कस्बा बिहारीगढ़ सहित आसपास के तमाम गांवों में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया।

सुबह से शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लगी रही, दोपहर तक यह सिलसिला जारी रहा। कस्बा बिहारीगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह 4.30 बजे भजन, आरती शुरू हुई उसके बाद 5 बजे से पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया, दोपहर 12 बजे तक मन्दिरो में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही, इस दौरान लोगों ने फल, फूल, मिष्ठान और बेलपत्र चढ़ाकर सुख समृद्धि की कामना की।

घाड क्षेत्र के गांव कुरडीखेड़ा, सतपुरा, गणेशपुर, टांडा मानसिंह, दामोदराबाद, शेरपुर खानाजादपुर, खुशालीपूर, मोहण्ड आदि शिव मंदिरों में पूजा अर्चना एवं भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया गया। कुरडीखेड़ा निवासी प्रमोद सैनी, पंडित लोटन शर्मा, श्यामलाल सैनी, अर्जुन सैनी, अभिजीत सैनी, रिंकू सैनी, अशोक सैनी, दीपक धीमान, रामसिंह राणा, मोनू धीमान, पंडित रामपाल शर्मा, शिव कुमार सैनी सहित कई सनातन प्रेमी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए सेवा भाव से जुटे रहे।

शिव मन्दिर बिहारीगढ़ कमेटी अध्यक्ष धर्मवीर सैनी, अश्वनी मित्तल, मोहित सैनी, प्रमाल सिंह राठौर, रामरतन जायसवाल, संदीप सैनी, नितिन गर्ग, नमन खुराना, अंकित चौहान, मोहन सैनी, संदीप वर्मा, मास्टर रामकुमार शर्मा, मुकेश मित्तल, प्रमोद सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।