विश्व के प्रथम संवाददाता थे महर्षि नारद

विश्व के प्रथम संवाददाता थे महर्षि नारद
  • सहारनपुर में नारद जयंती कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण।

सहारनपुर [24CN]। विश्व संवाद केंद्र के तत्वावधान में आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जयंती के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने नारद के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेकर सार्थक पत्रकारिता करने का आह्वान किया। जनमंच गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ देवर्षि नारद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन से किया गया।

कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदानंद शर्मा ने कहा कि महर्षि नारद उच्च कोटि के विद्वान, धर्म के ज्ञाता तथा सभी वर्गों के सम्मानित विश्व के प्रथम संवाददाता थे। वे इधर-उधर घूमकर सार्थक संवाद करने वाले और सारे विवादों को मिटाने वाले पत्रकार थे। राष्ट्र देव के सम्पादक सुरेंद्र ने कहा कि महर्षि नारद विश्व के प्रथम पत्रकार थे। सभी धार्मिक ग्रंथों में उनका उल्लेख है जो तीनों लोकों में ज्ञान बांटते हैं, वहीं नारद हैं। वही भगवान के गुणों का गान करने वाले व नर को नारायण से जोडऩे वाले पत्रकार हैं। उनका संवाद मानवीय पीड़ा को भगवान तक पहुंचाने के लिए हैं।

उन्होंने पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज के जीवन की धड़कन है। यह समाज जीवन के नियामत है। यह सभ्यता संस्कृति की संवाहक है। इसलिए पत्रकारों को तथ्य के माध्यम से वास्तविक सत्य को जनमानस तक पहुंचाना चाहिए। देवर्षि नारद के समान ही पत्रकारों को समाज में उत्पन्न विवादों पर ही ध्यान नहीं देना चाहिए बल्कि उनका समाधान देने में सक्षम बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सत्य व तथ्यों का समाज तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। वरिष्ठ पत्रकार डा. वीरेंद्र आजम ने कहा कि विश्व संवाद केंद्र पत्रकारिता को जीवित रखने का संदेश देता है। पत्रकारिता के मूल्यों में निरंतर गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन राजीव अग्रवाल व महानगर प्रचार प्रमुख अरिहंत जैन ने किया। कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंघल, सुधीर सोहल, सुदर्शन कपटियाल, महेंद्र सचदेवा, रमेश चंद छबीला, सतीश शाह, सुरेश कुमार, श्याम कुमार सैनी सहित जिला बेहट के संजय धीमान, रजत जैन, महानगर प्रचारक चक्षु, सुरेश कुमार, अमित कर्णवाल, शरद माहेश्वरी, देवेंद्र राणा, हिमांशु धवन, राजेश चौहान, प्रवीण वोहरा, उमंग, चंद्र कुमार, तिलकराम, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।