मां भारती के सच्चे सपूत थे महाराणा प्रताप: सूर्यकांत

मां भारती के सच्चे सपूत थे महाराणा प्रताप: सूर्यकांत
  • सहारनपुर में महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित करते ठा. सूर्यकांत सिंह।

सहारनपुर। हिंदू जागरण मंच के प्रांत सम्पर्क प्रमुख ठा. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की संघर्ष गाथा से वर्तमान पीढ़ी को अवगत कराना हम सबका दायित्व है। ठा. सूर्यकांत सिंह आज यहां प्रताप मार्किट स्थित सीनियर सिटीजन वैलफेयर सोसायटी के सभागार में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज से 582 वर्ष पूर्व मेवाड़ की धरती पर महाराणा प्रताप ने जन्म लिया था।

उन्होंने राष्ट्र की स्वाधीनता, स्वाभिमान एवं दृढ़ संकल्पता का अप्रितम उदाहरण भारतीय समाज के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने संघर्ष व रणनीति से सिद्ध किया कि भारत माता का प्रत्येक सपूत चाहे व किसी भी वर्ण व व्यवसाय से हो, भारत माता की रक्षा व सम्मान के लिए उतना ही बलिदानी व आग्रही है, जितना एक क्षत्रिय। जिस प्रकार से उन्होंने अनुसूचित जाति भील समुदाय को लेकर मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया। वह समरसता का एक विशिष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से दिवेर युद्ध की विजय, हल्दी घाटी युद्ध की विजय को कुछ अरबन नक्सलवादी इतिहासकारों ने झुठलाने की कोशिश की है, ऐसी शक्तियों को सर्वसमाज को मिलकर कड़ा उदाहरण देना होगा। रविदासी संत श्रुतिक दास ने महाराणा प्रताप की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके अदम्य साहस, संघर्षों व कष्टों की एक लम्बी श्रृंखला का वर्णन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में सीनियर सिटीजन संस्था के संरक्षक के. एल. अरोड़ा का अभिनंदन किया गया। इस दौरान अनिल अरोड़ा, महंत मदनदास, अश्विनी शर्मा, राजकुमार शर्मा, अपनेश चौहान, राधेश्याम पुंडीर, वीरसिंह चौहान, संजूपाल, धर्मपाल कश्यप, रजत गोयल, हर्ष डाबर, कुलदीप राणा, प्रदीप ठाकुर, रतन सिंह, रूपेंद्र सिंह, राकेश कुमार, मांगेराम त्यागी, प्रवेश धवन, वीरेंद्र चौहान, वंश, शिवम, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।