माफिया, अपराधी हो गए अतीत, यूपी बना है सुरक्षा, खुशहाली और रोजगार का प्रतीक: योगी

- सहारनपुर में चुनाव रैली में जनता का अभिवादन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब न रंगदारी है, न फिरौती है क्योंकि उत्तर प्रदेश की बपौती नहीं है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश सुरक्षा, खुशहाली और रोजगार का प्रतीक बन गया है। उन्होंने केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा कराए जा रहे विकास का हवाला देकर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यहां माहीपुरा तिराहा स्थित महाराज सिंह कालेज के खेल मैदान में सहारनपुर नग निगम के महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह व नगर पालिका अध्यक्षों व नगर पंचायत चेयरमैन पदों के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनाव रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपी अब कफ्र्यू के लिए नहीं बल्कि कांवड़ यात्रा के लिए पहचाना जा रहा है। हमारी पहचान उपद्रव की नहीं उत्सव की है। यह प्रदेश माफिया नहीं महोत्सव का प्रदेश बन चुका है। यह हमें तय करना है कि हमारे शहरों में सहोदों का आतंक हो या हम इसे सेफ सिटी बनाएंगे। हम अपने युवाओं के हथों में तमंचा देखना चाहते हैं या टेबलेट अथवा स्मार्टफोन।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के नगरों में भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि आज मैंने मां शाकम्भरी और माता बाला सुंदरी के आशीर्वाद से सहारनपुर से अपने चुनाव अभियान की शुरूआत की है। हमने बिना भेदभाव, जाति, मत, मजहब देखे सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास सबका प्रयास के साथ शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है। सहारनपुर से महापौर पद के लिए सुयोग्य चिकित्सक को हम आपके बीच लेकर आए हैं जो यहां सभी बीमीरियों का उपचार करेंगे। माफियाओं के उपचार के लिए हमारी पुलिस ही काफी है।
श्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह सीमांत जिला अपनी समृद्ध, ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। जग विख्यात यहां की शिल्प कला हो, मेहनती किसान हो, दूरदर्शी और सुशिक्षित युवा हो या फिर उद्योग के क्षेत्र में प्रति निरंतर योगदान करने वाले हमारे व्यापारी हों। उन्होंने कहा कि सहारनपुर यूपी का महत्वपूर्ण जनपद है। पिछले छह साल में एक दर्जन से अधिक बार यहां आया हूं। यह बार-बार इसलिए आता हूं कि मैंने इसकी उपेक्षा को बहुत करीब से देखा है। यहां बिजली नहीं मिलती थी। दंगे और कफ्र्यू होते थे। बुनियादी सुविधाओं से भी सहारनपुर को वंचित रखा गया था। लखनऊ तो दूर दिल्ली तक जाने में भी यहां से सात-आठ घंटे लग जाते थे। आज दिल्ली की दूरी तीन घंटे में पूरी हो रही है। इस साल के अंत तक दिल्ली-सहारनपुर- देहरादून एक्सप्रेस वे का काम पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को डिग्री के लिए मेरठ जाना होता था अब मां शाकम्भरी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना होने जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से ही फुर्सत नहीं थी। यहां पर गुरूद्वारे से जुड़े मामले में दंगा कराते हुए सिख भाइयों पर हमले कराए गए थे। आज सहारनपुर तो पूरे यूपी में कहीं कफ्र्यू नहीं लगता है। पहले सहोदों का आतंक था लोग अपनी बेटियों को पढऩे के लिए घर से दूर नहीं भेजते थे। आज यूपी में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है जो लोग केवल जातिवाद की बात करते थे। उन्होंने अपनी जाति का सबसे अधिक शोषण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शहरी क्षेत्र बेतहरीन सर्विलांस के सिस्टम पर विकसित हो रहे हैं। हम इसे सेफ सिटी के साथ जोड़ रहे हैं। जहां व्यापारी सुरक्षित, बेटियां भी सुरक्षित और शहर भी सुरक्षित होगा। यूपी के लिए हमने एक ही लक्ष्य रखा है जो पीएम का विजन है, वहीं यूपी मिशन है। डबल इंजन की सरकार ने बुलेट ट्रेन की तरह परिणाम दिया है। अब आप ट्रिपल इंजन की ताकत को इसमें जोडऩे का काम करें।
नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में महापौर, चेयरमैन और पार्षद की ताकत को जोडऩे का काम करना है। जो पैसा दिल्ली और लखनऊ से आएगा उसका सही उपयोग हो सकेगा। अब हमें यह तय करना है कि हमें 2017 से पहले की जातिवादी सरकार चाहिए या गरीब कल्याण वाली सरकार। भ्रष्टाचार युक्त व्यवस्था चाहिए या भ्रष्टाचारमुक्त। युवाओं के हाथ में तमंचे हों या टेबलेट-स्मार्टफोन। गलियों में गोलियों की तड़तड़ाहट हो या भजन प्रवाह हो। रंगदारी वसूलने वाले चाहिए या स्ट्रीट वैंडर के हाथों में स्वनिधि चाहिए।
हमें सहोदे चाहिए या सेफसिटी। सढ़ांत वाली गलियां चाहिएं या स्मार्ट सिटी। इस दौरान महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, लोनिवि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक राजीव गुम्बर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक कीरत सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, भाजपा जिला प्रभारी डी. के. शर्मा, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, जिला पंचायत चेयरमैन मांगेराम चौधरी, पूर्व विधायक महवीर राणा, शशिबाला पुंडीर समेत सभी नगर पालिका/नगर पंचायतों के अध्यक्ष, पार्षद व सभासद पद के प्रत्याशी मौजूद रहे।