महिलाओं को किया अधिकारों के प्रति जागरूक

- सहारनपुर में मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम को सम्बोधित करती वक्ता।
सहारनपुर। नगर कोतवाली पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों व प्रदेश सरकार की हेल्पलाईन के साथ-साथ महिला सम्मान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
स्थानीय गढ़ी मलूक नम्बर-2 में मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर कोतवाली नीरज सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा व समस्याओं के निस्तारण के लिए ही है। यदि किसी महिला की कोई भी छोटी-बड़ी समस्या है तो वह नगर कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क से मदद मांग सकती है। उसकी समस्या का तत्काल निस्तारण किया जाएगा। प्रोग्रेसिव स्कूल्स सोसायटी के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र चौहान ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए जो कदम उठाए गए हैं उससे आज महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं तथा महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में कमी आई है। वरिष्ठ समाजसेवी रश्मि टैरेंस ने कहा कि महिलाओं को स्वयं आगे आकर अपनी लड़ाई लडऩी होगी।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान सार्थक पहल है। इसके अंतर्गत महिलाओं एवं लड़कियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उनकी सुरक्षा के प्रति पुलिस हर समय तत्पर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी तरह का अपराध होने पर 1090 व 112 पर डायल करें जहां उनके नाम को गोपनीय रखते हुए उन्हें तुरंत मदद मिलती है। महिला मोर्चा की महामंत्री विनीत चौहान ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है।
महिला थाना प्रभारी मोनिका चौहान व परिवार सहायता प्रकोष्ठ की प्रभारी सरिता त्यागी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति स्वयं जागरूक होना पड़ेगा। यदि आपके साथ परिवार या मौहल्ले में कोई भी व्यक्ति छेड़छाड़ या अन्य आपराधिक घटना करता है तो तुरंत महिला हेल्प डेस्ट या सम्बंधित थाने में जाकर समस्या को बताएं उसका तुरंत समाधान होगा। इस दौरान पूर्व पार्षद पिंकी गुप्ता, रूकमणि शर्मा, सपना ठाकुर, पूनम, प्रियामौली, नवाबगंज चौकी प्रभारी अवशेष भाटी व महिला आरक्षी समेत भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रहे।