नवरात्र महोत्सव में मां कात्यायनी पूजा सम्पन्न
- सहारनपुर में मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना करते श्रद्धालुगण।
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत छठे नवरात्रे पर मां कात्यायनी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से भाग लिया।
इस अवसर पर स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने मां कात्यायनी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मां कात्यायनी कात्यायन ऋषि के तप से प्रकट हुई थीं और उनके नाम पर ही माता का नाम कात्यायनी पड़ा। उन्होंने बताया कि मां कात्यायनी को कुल की रक्षक देवी माना जाता है, जो सभी कुलों का कल्याण करती हैं। कार्यक्रम में मां भगवती का दुर्गा सतनाम स्तोत्र के साथ अभिषेक किया गया तथा माता का आकर्षक श्रृंगार कर भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात भव्य महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्वामी जी ने बताया कि मां कात्यायनी की नियमित पूजा करने से भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति आती है तथा परिवार में किसी प्रकार का अभाव नहीं रहता। उन्होंने कहा कि मां कात्यायनी भक्ति मार्ग पर चलने की प्रेरणा देकर आत्म दर्शन का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इस दौरान पंडित जी शर्मा, पंडित अभिषेक शर्मा, नीरज शर्मा, रमेश शर्मा, राजेंद्र धीमान, अश्विनी कंबोज, तनु शर्मा, गीता, बबीता, कुसुम, रेखा, राजबाला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
