लखनऊ । उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को सुबह शुरू होने के बाद रात तक जारी रही। कोविड प्रोटोकॉल के तहत इस बार शारीरिक दूरी का पालन तथा मतगणना केंद्र में कम कर्मियों की मौजूदगी के कारण काफी विलंब हो रहा है।
प्रदेश के 829 केंद्रों पर मतगणना हो रही है। जिला पंचायत सदस्य के 3050 पदों के लिए 44307 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर 3,42,439 प्रत्याशी मैदान में है। प्रधान पद के लिए 4,64,717 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 4,38,277 उम्मीदवार चुनाव में हैं।
मतगणना अभी भी जारी है और आज यानी सोमवार दोपहर बाद भी सभी परिणाम आने की उम्मीद है। इससे पहले रविवार को जो नतीजे आए थे, उनमें 16510 ग्राम प्रधान, 12358 ग्राम पंचायत सदस्य तथा 35812 क्षेत्र पंचायत सदस्य भी विजयी हो गए हैं।
मैनपुरी में भाजपा को झटका, चुनाव हारी संध्याय यादव : मैनपुरी में भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरीं सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गई हैं। वह सैफई के परिवार से विद्रोह कर भाजपा में शामिल हुई थीं। संध्या यादव बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद रहे सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं। भाजपा ने सैफई परिवार में सियासी सेंध लगाने में तो सफलता प्राप्त कर ली, लेकिन उनकी प्रत्याशी चुनावी मैदान में टिक नहीं सकीं। मैनपुरी में जिला पंचायत के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपना परचम लहराया है। मैनपुरी की 30 जिला पंचायत सदस्य की सीट में समाजवादी पार्टी पांच जीत चुकी है, जबकि 11 पर आगे चल रही है। भाजपा ने यहां पर दो सीट जीती है और चार पर आगे है। बसपा का खता भी नहीं खुला है।
डकैत राधे उर्फ सूबेदार सिंह का बेटा अरिमर्दन सिंह बना प्रधान: चित्रकूट तथा पास के क्षेत्र में पहले मतदान नहीं होता था और बाहुबली के फरमान पर ही प्रधान तय होते थे। इस बार ऐसा नहीं है। इस बार सभी पद के लिए मतदान हुआ है। चित्रकूट में डकैत शिवकुमार पटेल उर्फ ददुआ के दाहिने हाथ रहे और वर्तमान में जेल में बंद डकैत राधे उर्फ सूबेदार सिंह के बेटे अरिमर्दन सिंह ने शीतलपुर तरौंहा ग्राम पंचायत में प्रधान पद का चुनाव जीत लिया। प्रतिद्वंद्वी अरविंद सिंह को 22 मतों से हराया।
उसे 192 वोट मिले, जबकि अरविंद ने 170 वोट पाए। मानिकपुर और मऊ तहसील क्षेत्र की करीब 110 पंचायतों में चुनाव अबकी बार डकैतों से मुक्त हो गया है। यहां लोकतंत्र की जीत हुई। पहली बार डकैतों के फरमान के बिना जनता ने अपने जनप्रतिनिधियों को चुना।
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चार चरण में 14, 19, 26 व 29 अप्रैल को मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में कल से इनकी मतगणना जारी है। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्य के पद के लिए हुए चुनाव में मतपत्रों से पोलिंग हुई है। इन चुनावों के नतीजे आ रहे हैं और पूरे नतीजे आने में आज यानी सोमवार का पूरा समय लग सकता है। पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के साथ ही अन्य पदों पर भाजपा, सपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन जैसी राजनीतिक पार्टियों ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इन पार्टियों के उम्मीदवार पार्टी के चुनाव निशान पर नहीं, बल्कि आयोग से मिले चुनाव चिह्नों पर मैदान में उतरे है। प्रदेश में 58,194 ग्राम प्रधान, 7,31,813 ग्राम पंचायत सदस्य, 75,808 क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा 3050 जिला पंचायत सदस्य चुने जा रहे हैं।