LIVE UP By Election Result: सात विधानसभा सीटों के परिणाम आज-कानपुर के घाटमपुर में दस प्रतिशत पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यों वाली विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उप चुनाव का परिणाम का करीब हफ्ते भर से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों के सामने होगा। दीपावली के पहले वाला मंगलवार यानी आज सात लोगों के लिए बेहद मंगलकारी साबित होगा, जबकि अन्य लोग विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुट जाएंगे।
8:20 AM- कानपुर के घाटमपुर में दस प्रतिशत पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी
8:00 AM- मतदान कर्मी व्यस्त-पहले पोस्टल बैलेट की गिनती
मतदान कर्मी सात जिलों में अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए हैं। सबसे पहले पोस्टल वोट गिने जा रहे हैं। मतदान कर्मियों ने नियमानुसार अभिकर्ताओं की मौजूदगी में ईवीएम की सील तोड़ मतगणना शुरू की। ईवीएम खुलने के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ गईं। मतगणना कर्मी प्रदेश के बुलंदशहर, अमरोहा, कानपुर शहर, उन्नाव, देवरिया, फिरोजाबाद तथा जौनपुर में मुस्तैद हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखकर जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार मतगणना की सभी तैयारियां हैं। दोपहर बाद तक सभी नतीजे आ जाएंगे।
बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर और जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उप चुनाव की मतगणना तीन-तीन हाल में होगी। इसके अलावा उन्नाव के बांगरमऊ, फिरोजाबाद के टूंडला सुरक्षित, अमरोहा के नौगावां सादात, कानपुर शहर के घाटमपुर तथा देवरिया के देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव की मतगणना दो-नो हाल में होगी। इनकी निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने सात प्रेक्षकों की तैनाती की है।
7:50 AM- विजय जुलूस पर पूर्णत पाबंदी
उपचुनाव में विजेता की घोषणा के बाद समर्थकों को किसी भी तरह के जुलूस निकालने पर पाबंदी होगी। यह नियम कोविड प्रोटोकॉल के तहत लागू किया गया है। मतगणना स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को लगाया गया है।
7:45 AM- मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते प्रोटोकाल के तहत फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है। हर मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल हैं। बुलंदशहर व मल्हनी सीट की मतगणना तीन-तीन हॉलों में होगी। शेष पांच सीटों की मतगणना दो-दो हॉल में होगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर कॢमयों की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। मतगणना पर विशेष निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सभी सात सीटों पर एक-एक प्रेक्षक तैनात कर दिए हैं।
7:30 AM- उपचुनाव में 53.62 फीसद हुआ था मतदान
तीन नवंबर को विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव में कुल 53.62 फीसद मतदान हुआ था। सबसे अधिक 61.50 फीसद मतदान अमरोहा की नौगावां सादात सीट में हुआ। यह सीट पूर्व क्रिकेटर व मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। सबसे कम 49.42 प्रतिशत मतदान कानपुर की घाटमपुर सीट पर हुआ है। यह सीट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण खाली हुई थी। वर्ष 2017 में इन सात सीटों पर 63.90 फीसद मतदान हुआ था। यानी उपचुनाव में वर्ष 2017 के आम चुनाव के मुकाबले करीब 10.28 फीसद कम वोट पड़े।
7:00 AM- 88 में से सात की किस्मत खुलेगी
उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों के उपचुनाव में 88 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। उपचुनाव के मतदान अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया सदर और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवंबर को हुआ। सात सीटों पर 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं भी हैं। सात जिलों में सभी जगह पर शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों तैनाती की गई है।
6:30 AM- योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर नहीं पड़ेगा असर, कांग्रेस पर निगाहें
उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर आने वाले नतीजों से योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 403 सदस्यीय विधान सभा वाले राज्य में सत्ता पर काबिज भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीती थी। सात सीटों के परिणाम का सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं होगा। भाजपा के पास अभी भी 304 विधायक हैं। इस उप चुनाव के परिणाम विपक्षी दलों यानी समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस के पास अपनी तैयारी परखने का मौका है। भाजपा के लिए संख्या से अधिक से अधिक रहे यह सीएम योगी आदित्यनाथ की अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा है। सात में से पांच या छह सीट पर यदि भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करती है तो वह अपनी साख बचाने में सफल होगी, इसके साथ ही यह संदेश जरूर जाएगा कि लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से खुश हैं। इसके इतर विपक्ष यदि बेहतर प्रदर्शन करता है तो उसे सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल जाएगा। इन उप चुनावों में भाजपा ने पूरा दम लगाकर प्रचार किया है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा की निगारनी में यह चुनाव लड़ा गया है। उत्तर प्रदेश की इन सात सीटों पर कांग्रेस के परिणाम पर भी पूरे देश की नजर है। प्रदेश में पार्टी खाता नहीं खोल पाती है तो प्रियंका गांधी वाड्रा पर सवाल उठेंगे।
6:00 AM- सात सीटों पर एक नजर
1- अमरोहा : नौगावां सादात
अमरोहा जिले के नौगावां सादात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मतों की गिनती 35 राउंड में पूरी होगी। कोविड प्रोटोकॉल के तहत यहां पर 19 टेबल पर मतों की गिनती होगी। यह सीट कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन से खाली हुई है। भाजपा ने यहां पर उनकी पत्नी संगीता चौहान को मैदान में उतारा है। अमरोहा के नौगावां सादात के उप चुनाव में 14 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। यहां मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 19 टेबिल लगाई गई हैं। 51 कर्मचारी वोटों की गिनती करेंगे जबकि छह रिजर्व में रहेंगे। यहां मंडी समिति परिसर में पुख्ता इंतजाम हैं। उपचुनाव की मतगणना 35 राउंड में होगी जबकि, वर्ष 2017 में यह 28 राउंड में पूरी की गई थी। उपचुनाव में संगीता चौहान, डॉ.कमलेश सिंह, फुरकान अहमद, जावेद आब्दी, अजीत कुमार, जहांआरा, हसमत अली, अमरजीत कोहली, शेर सिंह बौद्ध, अकरम, धर्मपाल, अवनीश, अफरोज व हरस्वरूप अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मंगलवार को उसका फैसला होगा।
2- फिरोजाबाद: टूंडला सुरक्षित विधानसभा
फिरोजाबाद के टूंडला सुरक्षित सीट पर उपचुनाव में सब्जी मंडी परिसर में मतगणना होगी। यहां मतगणना के लिए एक हॉल बनाया गया है। जिसमें 14 टेबल पर 40 राउंड में मतगणना पूरी होगी। इन राउंड में एक लाख 81 हजार 55 वोटों की गिनती होगी और इसके बाद विजेता का ऐेलान किया जाएगा। टूंडला सुरक्षित विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के लिए कर्मी मतगणना स्थल के अंदर हैं। तीन नवंबर को मतदान में 50.23 फीसद वोट पड़े थे। इसके बाद ईवीएम को टूंडला मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया था। 2017 में दो दशक बाद भाजपा ने टूंडला विस में जोरदार वापसी की थी। विधायक बने प्रो.एसपी सिंह बघेल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। दो वर्ष बाद आगरा का सांसद बनने के बाद उनके इस्तीफे से सीट खाली हो गई। उपचुनाव के लिए वैसे तो मैदान में दस प्रत्याशी थे, लेकिन मतदान तक संघर्ष त्रिकोणीय होकर रह गया है। यहां भाजपा से प्रेमपाल सिंह धनगर, समाजवादी पार्टी से महाराज सिंह धनगर, बसपा से संजीव कुमार चक, जन अधिकार पार्टी से अशोक कुमार, मौलिक अधिकार पार्टी से धर्मवीर, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी से भगवान सिंह, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी से भूपेंद्र कुमार, परिवर्तन समाज पार्टी से सतीश कुमार और निर्दलीय मिथलेश मझवार व सचिन कुमार माइकल डैन मैदान में हैं।
3- जौनपुर : मल्हनी
मल्हनी विधानसभा क्षेत्र समाजवादी पार्टी के विधायक पारसनाथ यादव के निधन से खाली हुई मल्हनी विधान सभा सीट के उपचुनाव के परिणाम सामने लाने के लिए नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति चैकिया में होने वाली गणना का रूझान दस बजे से आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणना के लिए 21 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक पर चार-चार मतगणना कर्मी रहेंगे। मतों की गणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। मतगणना के लिए 21 टेबल लगे हैं। प्रत्येक टेबल पर चार-चार मतगणना कर्मी लगे हैं।
4- देवरिया : देवरिया सदर
देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवरिया के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में होगी। मतगणना परिसर अर्द्धसैनिक बलों के हवाले है। यहां पर मतगणना के लिए 17 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना 35 चक्र में होगी। मतगणना के दौरान हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। गणना कार्य सीसीटीवी कैमरे की नजर में हो रही है। वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
5- कानपुर शहर: घाटमपुर सुरक्षित सीट
कानपुर शहर के घाटमपुर विधानसभा उप चुनाव में मतों की गिनती 14 टेबल पर 35 राउंड में होगी। यहां पर छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। यह सीट कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के निधन से खाली हुई है। कानपुर की घाटमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में गल्लामंडी में आज ईवीएम के मतों की गिनती के बाद पांच बूथों के वीवीपैट की पॢचयों व ईवीएम के मतों का मिलान होगा। घाटमपुर विधानसभा सीट में 260 मतदान केंद्रों के 481 बूथों पर वोट पड़े थे। प्रत्येक राउंड में 14 टेबल पर 14 बूथों के मतों की गिनती होगी। दो हाल में सात-सात टेबल लगाए गए हैं। कुल 35 राउंड में वोट गिने जाएंगे। 25 राउंड तक की गणना के बाद लगभग तस्वीर साफ हो जाएगी कि विधायक कौन होगा। 2017 में भाजपा की कमल रानी वरुण जीती थीं। उनके निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां पर 3,19,148 मतदाताओं में से 1,57,716 मताधिकार का प्रयोग किया था। यहां भाजपा से उपेंद्र नाथ पासवान, बसपा से कुलदीप संखवार, कांग्रेस से डॉ. कृपाशंकर, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान तथा अर्जक अधिकार दल से विपिन कुमार मैदान में हैं।
6- बुलंदशहर : बुलंदशहर सदर
मतगणना स्थल नई मंडी परिसर के गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सदर विधानसभा सीट से विधायक रहे विरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। उप चुनाव मैदान में कुल 18 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। आज उनकी किस्मत का फैसला नई मंडी परिसर में मतगणना से होगा। कुल 28 राउंड के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतदान के दौरान कुल 52.56 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
7- उन्नाव : बांगरमऊ
उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में वोटों की गिनती दही चौकी के वेयरहाउस में की जा रही है। मतगणना के 14 राउंड पूरे होते ही विधानसभा में प्रत्याशी की हार-जीत तय होने लगेगी। मतगणना 14 टेबल पर होगी। जहां प्रत्येक टेबल पर 14 बूथों पर पड़े वोट गिने जाएंगे। भाजपा के कुलदीप सिंह सेंगर के अयोग्य साबित होने के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,43,008 मतदाताओं के बीच 1,73,403 ने वोट डाले थे। दोपहर तक चलने वाली मतगणना के कुल 37 राउंड होंगे। यहां 136 कर्मचारी लगाए गए हैं। मतगणना कार्य की निगरानी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन की गई है। विधानसभा क्षेत्र के 507 पोलिंग बूथों पर मत पड़े थे। उपचुनाव में कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए थे, लेकिन मैदान में आठ दलीय और दो निर्दलीय प्रत्याशी सहित कुल 10 प्रत्याशी रहे। मतगणना स्थल पर अधिकारी व कर्मचारी पहुंच गए हैं, मतगणना स्थल पर सिर्फ पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा।