LIVE Farmers Protest: दिल्ली-सोनीपत बॉर्डर पर BSF और CISF की टुकड़ियां तैनात, फरीदाबाद-दिल्ली टोल पर कई किलोमीटर लंबा जाम

LIVE Farmers Protest: दिल्ली-सोनीपत बॉर्डर पर BSF और CISF की टुकड़ियां तैनात, फरीदाबाद-दिल्ली टोल पर कई किलोमीटर लंबा जाम

नई दिल्ली ।  पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर बॉर्डर सील हैं। इसके चलते जीटी रोड पर सुबह से ही भीषण जाम लगा हुआ है। सोनीपत में वाहनों के रूट भी बदले गए हैं। बता दें कि 3 कृषि कानूनों के खिलाफ  बृहस्पतिवार को दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी की है।

  • भारतीय किसान यूनियन (अ) के प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि वह लोग 45 मिनट में यूपी गेट पर पहुंचेंगे।
  • जहां बृहस्पतिवार दोपहर तक एनसीआर में दिल्ली मेट्रो नहीं चलेगी, वहीं हरियाणा और उत्तर प्रदेश से सटे सभी बॉर्डर कड़ी सुरक्षा की गई है।
  • वहीं, यह भी खबर आई है कि दिल्ली पुलिस ने राज्य में पंजाब और हरियाणा के प्रदर्शनकारी किसानों को प्रवेश की इजाजत नहीं दी है।
  • किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए भी पुलिस की पूरी तैयारी है। गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर कुछ इलाकों में ड्रोन से नजर रखी जा रही है।
  • दिल्ली से सटे सोनीपत जिले में दिल्ली (सिंघु) बॉर्डर पर अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। यहां पर दिल्ली पुलिस के साथ BSF और CISF की टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है।

फऱीदाबाद में कड़ी सुरक्षा

फ़रीदाबाद में किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के मद्देनज़र बदरपुर बॉर्डर पर पुलिस बल अलर्ट है। जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली की तरफ़ भेजा जा रहा है। जिन वाहनों में चार या इससे अधिक लोग बैठे हैं उन्हें रोककर पूछताछ के बाद ही पुलिस दिल्ली की तरफ़ जाने दे रही है। जांच के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ़्तार धीमी पड़ी है। बताया जा रहा है कि जाम नहीं लगा है, मगर जाम की स्थिति बन गई है।

दोपहर 2 बजे तक नोएडा गुरुग्राम नहीं जाएगी मेट्रो

देश की राजधानी दिल्ली में पंजाब और हरियाणा के किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा और यूपी की सीमा पर बुधवार से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में प्रदर्शन करने के किसान संगठनों की सभी मांगें नामंजूर कर दी हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में अगर किसान दिल्ली में दाखिल हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि किसानों ने जंतर मंतर और रामलीला मैदान में प्रदर्शन की इजाजत मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इजाजत देने से इनकार किया है।

2 बजे तक नोएडा गुरुग्राम गाजियाबाद फरीदाबाद नहीं जाएगी मेट्रो

पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ट्रेनों के समय कुछ बदलाव किया है। बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाओं पर ब्रेक रहेगी। वहीं, दिल्ली से सटे फरीदाबाद में धारा-144 लागू है और  किसी तरह के प्रदर्शन पर रोक है।

दिल्ली मेट्रो ने सूचना जारी की है कि दिल्ली से पड़ोस के शहरों में मेट्रो सेवा दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। इसके तहत ब्लू लाइन पर आज सुबह से दोपहर दो बजे तक आनंद विहार से वैशाली और न्यू अशोक नगर से नोएडा सिटी सेंटर तक मेट्रो की सेवाएं बंद रहेगी।